जिंदा सांप को चबा-चबा कर खा गया युवक, बाद में पी कोल्ड-ड्रिंक, वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार
हल्द्वानी | कहते हैं कि लोग अपना सपना पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. फिर चाहे अपनी उस फैंटेसी को पूरा करने में उनकी जान ही क्यों न चली जाए. ऐसा ही कुछ हुआ हल्द्वानी के लालकुआं के नगीना में जहां अतिक्रमण हटाने के दौरान निकले सांप को एक युवक चबा-चबा कर खा गया.
इतना ही नहीं, इस आदमी ने जिंदा सांप को कोल्ड ड्रिंक के साथ बड़े चाव से खाया. इस दौरान लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. गनीमत रही कि सांप का जहर युवक के शरीर में नहीं गया और वह बच गया.
लोगों का कहना है कि जिस दौरान युवक ने सांप को खाया, वह नशे की हालत में था और थोड़ी ही देर में सांप की मौत हो गई. वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम हरकत में आ गई. उन्होंने इस युवक को गिरफ्तार कर लिया.
वन क्षेत्राधिकारी गोला रेंज चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि जिंदा सांप को चबाकर खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद वीडियो की जांच पड़ताल की गई तो मामला लालकुआं नगीना कॉलोनी का निकला.
जांच पड़ताल में पता चला कि रेलवे द्वारा अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक सांप निकला था. वीडियो में युवक को सांप को चबाते हुए देखा जा सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि जांच में पता चला कि युवक का नाम कमलेश है, जो नगीना कॉलोनी का रहने वाला है. आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी रेंज में वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने आरोपी को लालकुआं स्थित बजरी कंपनी से गिरफ्तार कर लिया.
आईएएनएस
