UP कैडर के आईपीएस अधिकारी का हॉर्ट अटैक से निधन, पत्नी है IAS अधिकारी, पुलिस विभाग में शोक की लहर
लखनऊ | उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी दीपक रतन का दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से सोमवार को निधन हो गया.
50 वर्षीय दीपक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में प्रतिनियुक्ति पर थे. 1997 बैच के अधिकारी दीपक रतन के परिवार में उनकी पत्नी आईएएस अधिकारी कामिनी रतन चौहान, एक बेटा और एक बेटी है. दीपक रतन भोपाल के रहने वाले थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईपीएस अधिकारी के आकस्मिक निधन पर दुख जताया है.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने ट्विटर पर आईपीएस अधिकारी दीपक रतन के निधन की सूचना दी और शोक व्यक्त किया.
सूत्रों ने कहा कि दीपक रतन दिल्ली स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में एक अंतर-विभागीय साक्षात्कार ले रहे थे, जब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की.
उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई.
डीजीपी मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दीपक रतन ने 1999 में लखनऊ से प्रशिक्षु एएसपी के रूप में अपना करियर शुरू किया था और फिर 2001 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल के एडीसी बने थे.
उन्होंने बागपत, रायबरेली, गाजियाबाद, सहारनपुर में एसपी के रूप में कार्य किया.
उन्होंने कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन सहित, एटीएस, ईओडब्ल्यू और खुफिया विभाग में भी काम किया था.
वह आईजी अलीगढ़ रेंज के पद पर काम कर चुके थे.
आईएएनएस
