पंचायत का तालिबानी चेहरा: युवती ने शादी से इनकार किया तो सिर मुंडवाकर जुलूस निकाला, पीटा और जंगल में छोड़ दिया
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: डिपाजिट फोटोज)
रांची | पलामू (झारखंड) में पंचायत द्वारा तुगलकी फरमान देने के बाद एक युवती के साथ बर्बरता हुई. भरी पंचायत में उसके गले में जूते की माला पहनाई गई, उसे पीटा गया, उसका सिर मुंडवा कर पूरे गांव में घुमाया गया और उसे रात में जंगल में छोड़ दिया गया.
युवती का कसूर सिर्फ इतना है कि उसने उस युवक से शादी करने से मना कर दिया था जिससे उसके घर वालों ने शादी तय की थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने युवती को जंगल से बरामद कर लिया है. उसके शरीर के नाजुक अंगों सहित कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं. उसे इलाज के लिए पलामू स्थित राजा मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है.पु
लिस इस मामले में FIR दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है. यह घटना पाटन थाना अंतर्गत जोगीडीह गांव की है. बताया जा रहा है कि युवती के माता-पिता नहीं है. उसकी तीन बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी हैं. एक भाई है जो बीमारी की वजह से नि:शक्त हो गया है.
युवती की एक बहन ने उसकी शादी उसकी मर्जी के बगैर लातेहार जिले के मनिका निवासी एक युवक के साथ तय कर दी थी. लड़की उससे शादी करने से इनकार कर रही थी. इसके बावजूद 19 अप्रैल को उसके घर बारात पहुंच गई लेकिन शादी से ठीक पहले युवती घर से भाग निकली. उसने छतरपुर प्रखंड के एक मंदिर में शरण ले रखी थी.
युवती के चचेरे भाइयों ने बीते 10 मई को किसी तरह उसे बुलाया. उस पर फिर से शादी के लिए दबाव डाला गया. लड़की ने इनकार कर दिया तो चचेरे भाइयों ने रविवार को गांव में पंचायत बुलाई. उससे पूछा गया कि क्या उसके किसी से प्रेम सम्बन्ध है. लड़की चुप रही तो उसके साथ पाशविक सलूक किया गया. डंडों से पीटा गया. उसके चचेरे भाइयों और भाभियों सहित गांव के कई लोगों ने मिलकर यह सब किया.
उसकी चचेरी भाभी ने खुद कैंची से उसके बाल मूड़ दिए. माथे पर टीका लगा दिया गया. गले में जूते की माला पहना दी. गांव में घुमाया गया. इसके बाद उसे तरहसी थाना क्षेत्र के एक जंगल में छोड़ दिया गया. सोमवार को दूसरे गांव के कुछ लोग जब मवेशियों को चराने जंगल पहुंचे तो उन्होंने लड़की को देखा. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने ही उसे तुरंत पलामू स्थित मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आईएएनएस
