12,000 करोड़ कीमत की ड्रग्स पकड़ी गई, एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक हिरासत में
Photo: IANS
नई दिल्ली/कोच्चि | नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने शनिवार को कहा है कि उसने भारतीय जल क्षेत्र से लगभग 2,500 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन जब्त की है. इसकी कीमत 12,000 करोड़ रुपये है. एनसीबी ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है.
यह बरामदगी भारतीय नौसेना और एनसीबी अधिकारियों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान की है. एनसीबी के अनुसार, एक गुप्त सूचना मिलने के बाद भारतीय अधिकारी पहले से ही अलर्ट पर थे. इस इनपुट के आधार पर एक जहाज की पहचान की गई और भारतीय नौसेना द्वारा उसे रोका गया.
टीम ने ‘ऑपरेशन समुद्रगुप्त’ के तहत ड्रग्स का परिवहन करने वाली एक ‘मदर शिप’ (जहाज) को रोका. इसके बाद संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा गया. पिछले 18 महीनों में एनसीबी द्वारा की गई यह तीसरी बड़ी जब्ती है.
#BREAKING: Biggest drug consignment recovery in raid by an Indian agency. Indian Navy, Coast Guards and NCB in a joint operation on a foreign ship have seized approximately 2500kg high purity Methamphetamine sourced from Death crescent valued around Rs. 15000 Crores in the Indian… pic.twitter.com/fcAXPt3fhC
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) May 13, 2023
प्राप्त सूचना (इनपुट) को भारतीय नौसेना के साथ साझा किया गया था. इसके बाद भारतीय नौसेना के एक जहाज को आसपास के क्षेत्र में तैनात किया गया था. इसी इनपुट के आधार पर नौसेना की ओर से समुद्र में जा रहे एक बड़े जहाज को पकड़ा गया.
एक अधिकारी ने कहा कि जहाज से संदिग्ध मेथमफेटामाइन की कुल 134 बोरियां बरामद हुई है और एक व्यक्ति को पकड़ा गया है. संदेह है कि पकड़ा गया व्यक्ति पाकिस्तानी नागरिक हो सकता है. वह एक स्पीड बोट पर था और उस पर ड्रग्स लदा हुआ था. “मदर शिप” से जब्त किए गए सभी सामान को कोच्चि लाया गया है और आगे की कार्रवाई के लिए एनसीबी को सौंप दिया गया है.
एनसीबी के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री मार्ग पर हेरोइन और अन्य ड्र्ग्स की समुद्री तस्करी से राष्ट्रीय सुरक्षा को होने वाले खतरे के मद्देनजर, जनवरी 2022 में एनसीबी के डीजीपी (ऑपरेशन्स) संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में ऑपरेशन समुद्रगुप्त लॉन्च किया गया था.
आईएएनएस
