युथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली अंगकिता दत्ता को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला
गुवाहाटी | असम युथ कांग्रेस की प्रमुख – अंगकिता दत्ता को शनिवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए (पार्टी से) छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने असम प्रदेश युथ कांग्रेस की अध्यक्षा अंगकिता दत्ता को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.”
दो दिन पहले, अंगकिता ने ट्वीट करके आरोप लगाया था कि युथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने उनका मानसिक उत्पीड़न किया. उन्होंने ये भी कहा कि उनके साथ भेदभाव किया गया.
अंगकिता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने राहुल गांधी को इस सब के बारे में अवगत कराया था और मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था लेकिन इसके बावजूद कुछ नहीं हुआ.
उन्होंने लिखा, “श्रीनिवास के द्वारा मेरा उत्पीड़न करने और मेरे लिए अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल करने के बारे में मैंने राहुल गांधी को भारत जोड़ो के दौरान जम्मू में अवगत कराया था लेकिन अभी तक उनके (श्रीनिवास) खिलाफ कोई जांच नहीं बैठाई गई हैं.”
उनके आरोप का जवाब देते हुए, भारतीय युथ कांग्रेस लीगल सेल ने दत्ता को मानहानि का नोटिस भेजा है. असम प्रदेश कांग्रेस ने भी उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया हैं.
अंगकिता दत्ता ने भी गुवाहाटी के दिसपुर पुलिस स्टेशन में श्रीनिवास बी.वी के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई हैं और शुक्रवार को अदालत के सामने अपना बयान दर्ज कराया.
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “यह घटना कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला हैं. अगर वे महिला नेता के मुद्दे को हल करने में विफल रहते हैं तो पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
