चलती ट्रेन में शख्स ने पेट्रोल छिड़ककर सह यात्री को लगाई आग, बाद में पटरियों पर मिले 3 शव
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
तिरुवनंतपुरम | केरल के कोझिकोड में रविवार को एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन में यात्रियों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, जिसमें आठ लोग घायल हो गए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस शख्स ने आग लगाई उसकी अन्य यात्रियों से बहस हो गई थी.
यह घटना अलाप्पुझा से कन्नूर जाने वाली एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस की डी1 बोगी में रविवार रात को हुई.
इस बीच, जहां यह घटना हुई, वहां से 100 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक पर तीन शव मिले. रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों मृतक एक ही परिवार के हैं.
डी1 कोच में मौजूद एक यात्री लतीश के मुताबिक, लाल शर्ट पहने एक व्यक्ति ने पहले पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगा दी. इससे कोच में आग लग गई, जिससे कम से कम आठ लोग जख्मी हो गए.

जख्मी लोगों में से कुछ की पहचान प्रकाश, रूबी और ज्योतिंद्रनाथ के रूप में हुई है, जो सभी कन्नूर के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व छात्र हैं. अन्य घायलों के नाम फिलहाल पता नहीं चल सके हैं.
इस दौरान, आग लगाने वाला शख्स मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही हैं.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच अब उस व्यक्ति पर केंद्रित है जिसने यात्रियों पर अचानक हमला किया था. अधिकारी ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और आग क्यों लगाई गई यह अभी स्पष्ट नहीं हैं. इस घटना की विस्तृत जांच की जा रही हैं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
