हैदराबाद के मैकडॉनल्ड्स स्टोर में बच्चे के पैंट में घुसकर चूहे ने काटा, VIDEO आया सामने

Hyderabad (1)
The Hindi Post

हैदराबाद | सोशल मीडिया पर एक वीडियो मौजूद है जिसमें देखा जा सकता है कि एक फूड आउटलेट (रेस्टोरेंट) में वहां के कर्मियों द्वारा एक चूहे को भगाने के दौरान वह 8-वर्षीय बच्चे की पैंट में घुस जाता है और उसे काट लेता है.

जिस समय यह घटना घटती है बच्चा अपने माता-पिता के साथ बैठा हुआ नाश्ता कर रहा होता है. यह वाकया है हैदराबाद के कोमपल्ली इलाके में स्थित मैकडॉनल्ड्स आउटलेट का. यह घटना मैकडॉनल्ड्स आउटलेट में लगे CCTV में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद से वायरल हो रहा है.

वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा अपने माता-पिता के साथ बैठा हुआ कुछ खा रहा है. तभी एक बड़े आकार का चूहा आउटलेट के टॉयलेट से निकलकर वहां आता है और बच्चे को काट लेता है. बच्चे के पिता जो एक आर्मी अफसर है ने तुरंत चूहे को पकड़ा और दूसरी तरफ उछाल दिया.

इस घटना के होने के बाद बच्चा और उसके माता-पिता सकपका जाते है. सबसे ज्यादा कष्ट में बच्चा था और उसके माता-पिता चिंतित थे. बच्चे के पिता ने अपनी शिकायत में बताया कि यह चूहा कुत्ते के पिल्ले के साइज का था.

बच्चे को तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसके बाएं पैर में चूहे के काटने का इलाज किया गया. बच्चे को टिटनेस और रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया. चूहे ने बच्चे को दो बार काटा था.

यह घटना 8 मार्च को रात 10:40 बजे हुई थी और इसके एक दिन बाद यानि 09 मार्च को बच्चे के पिता ने इस मामले में पुलिस से शिकायत दर्ज कराई थी. उनकी मांग है कि मैकडॉनल्ड्स के मैनेजमेंट के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!