इंडिगो की कोलकाता-बेंगलुरु फ्लाइट के टॉयलेट में स्मोकिंग करती पकड़ी गई 24 वर्षीय युवती
प्रतीकात्मक तस्वीर (Deposit Photos)
बेंगलुरु से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दरअसल, एक महिला यात्री को इंडिगो एयरलाइन्स के कोलकाता-बेंगलुरु फ्लाइट के वाशरूम में कथित तौर पर धूम्रपान करते हुए पकड़ा गया.
यह मामला पांच मार्च का है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट कोलकाता से बेंगलुरु आ रही थी. इस फ्लाइट में स्टाफ ने 24 वर्षीय महिला यात्री को स्मोक करते हुए पकड़ा. इस मामले की सूचना तुरंत फ्लाइट कैप्टन को दी गई जिन्होंने हवाई अड्डे के अधिकारियों को सतर्क किया.
गिरफ्तार की गई महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली है. फ्लाइट के बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद, महिला यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया. बाद में यात्री को जमानत मिल गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शौचालय के कूड़ेदान में सिगरेट का एक टुकड़ा मिला था. केबिन क्रू ने उस पर पानी डाल कर उसे बुझाया था. इसके बाद फ्लाइट कैप्टन को इसके बारे में सूचना दी गई और उन्होंने एयरपोर्ट के अधिकारियों को इसके बारे में बताया.
आपको बता दे कि न केवल फ्लाइट के अंदर धूम्रपान प्रतिबंधित है बल्कि यह विमान के संचालन के लिए भी खतरनाक है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
