फायरिंग रेंज से बाहर गांव में गिरा तोप का गोला, 3 ग्रामीणों की मौत, 3 घायल

Military veterans-day-g7b69901f6_640 (1)

सांकेतिक फोटो (Pixabay)

The Hindi Post

गया | बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के गुबेर बिंद गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां सैन्य अभ्यास हो रहा था. इस दौरान तोप का गोला फायरिंग रेंज से बाहर ग्रामीणों पर आ गिरा. इस घटना में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई. साथ ही तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के है.

बाराचट्टी थाने के एसएचओ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के गुबेर बिंद गांव में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान सुबह साढ़े आठ बजे के करीब हुई. पुलिस के अनुसार, फायरिंग रेंज में जवान अभ्यास कर रहे थे. इसी दौरान एक तोप का गोला फायरिंग रेंज से बाहर गुबेर बिंद गांव में जा गिरा.

घायलों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मृतकों की पहचान कंचन कुमारी (28), गोविंदा मांझी (29) और सूरज कुमार के रूप में हुई है.

बाराचट्टी थानाध्यक्ष राम लखन पंडित ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

पुलिस तमाम बिंदुओं की जांच कर रही है कि आखिर तोप का गोला फायरिंग रेंज के बाहर कैसे गिरा.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!