पहले गर्लफ्रेंड को उतारा मौत के घाट फिर शव छिपा दिया फ्रिज में.. दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसी एक और घटना
Photo: IANS
दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसी एक और वारदात सामने आई है. दिल्ली पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने युवती का शव फ्रिज से बरामद किया है. युवक ने अपनी पार्टनर का मर्डर करने के बाद, उसका शव फ्रिज में छुपा दिया था.
हत्यारोपी शख्स का नाम साहिल गहलोत है, जबकि मृतका का नाम निक्की यादव है. निक्की हरियाणा के झज्जर की रहने वाले थी.
पुलिस के मुताबिक, उसको 10 फरवरी को सूचना मिली थी कि साहिल नाम के व्यक्ति ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या करने के बाद, हत्या वाले दिन ही दूसरी लड़की से शादी कर ली थी. पुलिस ने साहिल को तब गिरफ्तार किया जब उसके ढाबे के फ्रिज से लड़की का शव मिला. साहिल का यह ढाबा, दिल्ली के नजफगढ़ में स्थित है.
विशेष पुलिस आयुक्त, अपराध, रवींद्र सिंह यादव ने कहा, “मामले को सुलझाने के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम आरोपी गहलोत की तलाश में मित्रांव गांव (नजफगढ़) पहुंची, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था और वह अपने घर में मौजूद नहीं था. हमने गांव और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी ली गई.”
हालांकि गहलोत को पुलिस ने कैर गांव चौराहे से दबोच लिया.
“पूछताछ करने पर, शुरू में, आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन लगातार पूछताछ करने पर, उसने खुलासा किया कि उसने 9 और 10 फरवरी की रात में अपनी पार्टनर निक्की यादव की हत्या कर दी थी और उसके शव को रेफ्रिजरेटर में छुपा दिया था. उसका ढाबा मित्रांव गांव के बाहरी इलाके में एक खाली प्लॉट में है.”
साहिल गहलोत ने आगे खुलासा किया कि 2018 में, वह निक्की से पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक कोचिंग सेंटर में मिला था, जहां वह एसएससी परीक्षाओं की तैयारी करने ले लिए गया था.
कोचिंग में साथ होने के कारण, दोनों की दोस्ती हो गई जो बाद में प्यार में बदल गई. इसके बाद, दोनों ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में साथ रहने लगे. कोविड लॉकडाउन के दौरान वे अपने-अपने घर लौट गए और लॉकडाउन खत्म होने के बाद फिर से द्वारका इलाके में किराए के मकान में साथ रहने लगे.
आरोपी ने अपने रिश्ते के बारे में अपने परिजनों को नहीं बताया था. साहिल का परिवार उस पर किसी और युवती से शादी करने का दबाव बना रहा था. उन्होंने 10 फरवरी को साहिल की शादी की तारीख तय कर दी थी. जब निक्की को इस बारे में पता चला, तो उसकी और साहिल की जम कर बहस और लड़ाई हुई. पुलिस के मुताबिक, साहिल ने अपने मोबाइल फोन के डेटा केबल की मदद से निक्की का गला घोंट दिया और उसको मौत के घाट उतार दिया.
इसके बाद साहिल अपने ढाबे पर गया और निक्की की लाश को फ्रिज में रख दिया. ढाबा मित्रांव गांव के बाहरी इलाके में एक खाली भूखंड पर स्थित है. इसके बाद वह अपने घर चला गया और दूसरी युवती से शादी कर ली.
पुलिस अधिकारी ने कहा, “निक्की का शव आरोपी की निशानदेही पर फ्रिज से बरामद किया गया है. भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के दौरान आरोपी द्वारा दिए गए बयान का सत्यापन किया जा रहा है.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
