नेपाल विमान हादसा: लापता लोगों की तलाश शुरू, ब्लैक बॉक्स मिला

Plane crashes in Nepal 2 (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

नेपाल में यति एयरलाइंस (Yeti Airlines) के एक विमान के रविवार को दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद, सोमवार सुबह लापता लोगों की तलाश फिर से शुरू की गई. इस दौरान, बचावकर्मियों ने दुर्घटनास्थल से ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया है.

काठमांडू हवाई अड्डे के एक अधिकारी शेर बाथ ठाकुर ने कहा, “दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है.”

ब्लैक बॉक्स (एक कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) से मिलने वाला डेटा (जानकारी) दुर्घटना के कारण का पता लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना कैसे घटी.

दो इंजन वाला एटीआर 72 विमान, काठमांडू से पर्यटक नगरी पोखरा जा रहा था, जब यह हादसे का शिकार हो गया. घटना तब घटी जब विमान हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास कर रहा था. नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने कहा कि विमान में 15 विदेशी नागरिकों सहित 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे.

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, बचावकर्मियों ने अभी तक मलबे से (दुर्घटनास्थल से) 68 शव निकाल लिए है, जबकि बाकी चार की तलाश फिर से शुरू हो गई है. दुर्गम इलाका होने के कारण राहत और बचाव के काम को रविवार रात को रोकना पड़ा था.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!