नवंबर 2022 से लापता भारतीय महिला और उसका बेटा पाकिस्तान की जेल में, जानिए पूरा मामला
सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: हिंदी पोस्ट)
गुवाहाटी | असम के नागांव जिले की एक महिला और उसका नाबालिग बेटा पाकिस्तान की जेल में बंद है. वो दोनों पिछले साल नवंबर से लापता है. आवश्यक दस्तावेजों के बिना कथित रूप से पाकिस्तान में प्रवेश करने के आरोप में महिला को हिरासत में ले लिया गया था.
इस भारतीय महिला का नाम वहीदा बेगम है और वो असम की रहने वाली है. वहीदा बेगम ने दो साल पहले अपने पति को खो दिया था. उन्हें अपने दिवंगत पति की संपत्ति विरासत में मिली.
नागांव जिले की पुलिस अधीक्षक लीना डोले ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “महिला का अपने दिवंगत पति से एक बेटा है. अपने पति की मृत्यु के बाद, वहीदा बेगम को एक ऐसे व्यक्ति से प्यार हो गया, जिसके बारे में संदेह है कि वह पाकिस्तान या अफगानिस्तान का नागरिक है. हालांकि, हमें उसकी पहचान की पुष्टि करनी है. महिला ने अपनी संपत्ति बेच दी थी और नवंबर में अपने बेटे और पुरुष के साथ सऊदी अरब चली गई थी.”
घटना के बाद वहीदा बेगम की मां अजीफा खातून ने नागांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इस बीच, दिसंबर में, अजीफा को एक पाकिस्तानी लॉ फर्म से एक पत्र मिला था जिसमें कहा गया था कि वहीदा और उसके बेटे को पाकिस्तानी सेना ने बिना अधिकृत यात्रा प्रमाण पत्र के सीमा पार करने के चलते हिरासत में लिया है.
डोले ने कहा, हमने वहीदा से उसकी मां के मोबाइल के माध्यम से बात की थी. वहीदा ने हमें बताया कि वह और उसका बेटा इस समय पाकिस्तान की क्वेटा जेल के महिला वार्ड में हैं.
पुलिस के मुताबिक युवक ने वहीदा को शादी का झांसा दिया था. ऐसा करके वो उसको अपने साथ ले गया. इसलिए वहीदा, अपनी सारी संपत्ति बेचकर उसके साथ सऊदी अरब चली गई थी.
पुलिस अधिकारी ने बताया, “वे पाकिस्तान कैसे पहुंचे, यह हमारे लिए एक रहस्य है. महिला असम वापस आना चाहती है और उसने पुलिस से मदद भी मांगी है.”
नौगांव पुलिस ने इस मामले को उच्चाधिकारियों के सामने उठाया है.
अजीफा खातून ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तानी दूतावास को पत्र लिखा था, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने अपनी बेटी और पोते की रिहाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर करने का फैसला किया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
