“कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है..” : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया

Mansukh Mandaviya (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | कई देशों में वायरस के फिर से उभरने की सूचना के बीच बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कोविड की स्थिति की समीक्षा की. इस समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने कहा कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, लेकिन ‘हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।’ उन्होंने बुधवार को दिल्ली में निर्माण भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

केंद्रीय मंत्री ने ट्विटर पर कहा, “कुछ देशों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की.” उन्होंने कहा, “कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है. मैंने सभी संबंधित पक्षों को सतर्क और सावधान रहने का निर्देश दिया है. हम किसी भी स्थिति का प्रबंधन करने के लिए तैयार हैं.”

नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने कहा कि मीटिंग में तय किया गया है कि कोरोना को लेकर हर हफ्ते स्वास्थ्य मंत्रालय में समीक्षा बैठक होगी. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाए. डॉ पॉल कि सभी लोगों को बूस्टर डोज लगवा लेना चाहिए.

इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को नए कोविड वेरिएंट को ट्रैक करने के लिए सकारात्मक मामलों (कोरोना पॉजिटिव केसेस) की जीनोम सिक्वेंसिंग की प्रक्रिया को तेज करने के लिए भी कहा है.

मंत्रालय ने मंगलवार को राज्यों को लिखे पत्र में कहा, “जापान, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, ब्राजील और चीन में कोरोना के मामलों में अचानक तेजी को देखते हुए, भारतीय सार्स-सीओवी-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम नेटवर्क के माध्यम से (कोरोना के) वेरिएंट को ट्रैक करने के लिए पॉजिटिव केसेस के सैंपल का पूर्ण जीनोम अनुक्रमण (सिक्वेंसिंग) करे.”

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!