तलाक लेने के लिए इतनी भयानक साजिश! पति ने प्रेग्नेंट पत्नी को लगवाया HIV संक्रमित इंजेक्शन
सांकेतिक तस्वीर (क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
अमरावती | आंध्र प्रदेश से बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी गर्भवती पत्नी को एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगवाया दिया. ऐसा उसने इसलिए किया क्योंकि वो अपनी गर्भवती पत्नी से तलाक लेना चाहता था. तलाक लेने के लिए इस शख्स ने इतना खौफनाक काम कर डाला.
ताडेपल्ली पुलिस ने आरोपी एम. चरण को उसकी पत्नी द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद गिरफ्तार कर लिया है. चरण ने एक झोलाछाप की मदद से अपनी पत्नी को एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगवाया था.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चरण उसे तलाक देने के लिए उचित बहाना ढूंढ रहा था और योजना के अनुसार वह उसे झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गया. पीड़िता ने कहा कि उसे बताया गया कि इंजेक्शन गर्भावस्था के दौरान अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने में मदद करेगा. यह कह कर उसे इंजेक्शन लगवा दिया गया.
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि एक अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के दौरान वह यह जानकर चौंक गई कि वह एचआईवी पॉजिटिव है.
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहा था और एक लड़के को जन्म देने के लिए जोर दे रहा था. दंपति की एक बेटी है.
पुलिस ने कहा कि वे चरण से पूछताछ कर रहे हैं और पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
