बुजुर्ग महिला ने मंदिर को दान किए 1 लाख रूपए, भीख मांग कर जुटाई थी यह रकम
फोटो: आईएएनएस
भुवनेश्वर | ओडिशा की एक 70 वर्षीय महिला ने भीख मांगकर एक लाख रुपये इकट्ठा किए थे. इन पैसों को महिला ने कंधमाल जिले के फूलबनी में पुराने जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए दान दे दिए है.
महिला जिनका नाम तुला बेहरा है, पिछले 40 सालों से फूलबनी कस्बे के विभिन्न मंदिरों के पास भीख मांग के रह रही थी. तुला का विवाह शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्ति प्रफुल्ल बेहरा से हुआ था. दोनों पति-पत्नी भीख मांगते थे. प्रफुल्ल बेहरा की मौत हो जाने के बाद तुला अकेली रह गई.
इसके बाद महिला भिखारी ने खुद को भगवान जगन्नाथ के चरणों में समर्पित कर दिया है. धनु संक्रांति के मौके पर तुला बेहरा ने शुक्रवार को जगन्नाथ मंदिर की प्रबंध समिति को अपनी एक लाख रुपए की कमाई दान कर दी. तुला ने कहा, न तो मेरे माता-पिता हैं और न ही कोई संतान है. मैंने भीख मांगकर अपने बैंक खाते में जमा करके जो पैसा बचाया है, उसे भगवान जगन्नाथ को दान कर रही हूँ.
महिला भिखारी ने कहा कि उसे किसी पैसे की जरूरत नहीं है क्योंकि वह बूढ़ी हो गई है और उसने खुद को भगवान जगन्नाथ के चरणों में समर्पित कर दिया है. उन्होंने मंदिर प्रबंध समिति से फूलबनी में पुराने जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए धन का उपयोग करने का अनुरोध किया है.
समिति के एक सदस्य ने कहा, जब तुला ने मुझसे संपर्क किया तो मैं उससे पैसे लेने के लिए अनिच्छुक था. लेकिन जब उसने जोर दिया तो हमने इसे स्वीकार करने का फैसला लिया.
आईएएनएस
