दिल्ली एसिड अटैक के तीन आरोपी आए पुलिस की गिरफ्त में, CCTV में कैद हुई थी घटना
स्कूली छात्रा पर तेज से हमला करते हुए लड़के. यह घटना हुई थी CCTV में कैद (फाइल)
नई दिल्ली | दिल्ली के द्वारका में बुधवार सुबह दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक 17 वर्षीय लड़की पर तेजाब फेंक कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस वारदात को अंजाम देते समय आरोपियों ने अपना चेहरा ढका हुआ था. वारदात के बाद, दोनों युवक फरार हो गए थे. हालाँकि, पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई थी. पुलिस ने अब इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी बुधवार शाम को हुई.
इस घटना में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई है. उसका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है. लड़की के पिता ने इस घटना के बाद मीडिया में बयान दिया और बताया कि बेटी की हालत गंभीर है और एसिड बेटी के चेहरे और उसकी आंखों में भी चला गया है.
इस घटना से दिल्ली हिल गई. सुबह का समय और लड़की पर तेजाब से हमला. घटना के समय पीड़िता अपनी छोटी बहन के साथ खड़ी थी. तभी बाइक सवार दो युवक आए और उस पर तेजाब फेंक दिया. इसके बाद लड़की बेहद तेज दर्द से तड़प उठती है. वह अपना चेहरा पकड़कर इधर-उधर दौड़ती हुई दिखाई दी.
पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
