लखनऊ में 90 साल की बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, महिला घर में रहती थी अकेली

Crime Depositphotos_24534333_S (1)

सांकेतिक फोटो: (क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 90 साल की बुजुर्ग महिला शैल कुमारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना अलीगंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नगर की है.

पुलिस के मुताबिक, महिला के सिर पर किसी कुंद वस्तु से वार करने के बाद चाकू से उनका गला रेत दिया गया.

एक पड़ोसी ने बुजुर्ग महिला को घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें मृत पाया.

जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला की जब हत्या हुई तो वह घर में अकेली थी. इस हत्याकांड की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस महिला का कौन दुश्मन हो सकता है. महिला की हत्या क्यों की गई इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

डीसीपी (उत्तर) कासिम आबिदी ने कहा, फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती थी. यह घर उनके छोटे बेटे 62 वर्षीय मुकेश चंद्र शर्मा के नाम है. मुकेश अपने परिवार के साथ जानकीपुरम में अलग रहते है. वह एफएसएल आगरा से सेवानिवृत्त थे.

अलीगंज के SHO नागेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि परिवार के एक सदस्य की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है.

पुलिस की मानें तो घर में किसी प्रकार की लूटपाट नहीं हुई है. अंदेशा लगाया जा रहा है कि प्रॉपर्टी का शायद कोई विवाद हो. तभी महिला को मौत के घाट उतार दिया गया हो. लेकिन इस बात की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.

हैरानी की बात ये है कि बुजुर्ग महिला के चार बेटे हैं तब भी वह अकेली रहती थी.

परिजनों की मानें तो सुबह उनकी महिला से फोन पर बात हुई. लेकिन शाम को उन्होंने मोबाइल नहीं उठाया. कई बार काल की गई, जिसके बाद पड़ोसियों को फोन किया गया और जब पड़ोसी घर में गए तो देखा कि शैल कुमार जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं. उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि बुजुर्ग महिला की हत्या क्यों की गई.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!