प्रेमानंद महाराज से मिलने निकल गया 7वीं का छात्र, साइकिल से तय किया 400 किमी का सफर……
रेंजर साइकिल से जाता छात्र सीसीटीवी में देखा गया/ (फोटो क्रेडिट: सोशल मीडिया)
प्रेमानंद महाराज से मिलने निकल गया 7वीं का छात्र, साइकिल से तय किया 400 किमी का सफर……
लखनऊ के एक स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने ऐसा काम किया जिसको जानकर आप हैरान रह जाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह 400 किलोमीटर दूर साइकिल से वृंदावन पहुंच गया. दरअसल, उसको उसकी मां ने पढ़ाई के लिए डांटा था. इसके बाद वो प्रेमानंद जी महाराज से मिलने साइकिल से निकल पड़ा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 अगस्त को छात्र लखनऊ स्थित अपने घर से वृंदावन के लिए निकला था. जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने परेशान होकर पुलिस को सूचना दी. पारा पुलिस स्टेशन में परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस फौरन हरकत में आ गई और उन्होंने बच्चे को ढूंढने का काम शुरू कर दिया.
पुलिस ने इस क्रम में सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इस दौरान पता चला कि लड़के ने आगरा एक्सप्रेस-वे पर 70 किलोमीटर साइकिल चलाई थी जबकि इस एक्सप्रेस-वे पर साइकिल चलाना प्रतिबंधित है. इसके बाद उन्नाव के बांगरमऊ कट से वह साइकिल समेत ट्रक में बैठ गया और आगरा में उतरकर साइकिल से वृंदावन पहुंच गया. इस दौरान उसने साइकिल यमुना एक्सप्रेस वे पर चलाई.
थाना प्रभारी सचिन कौशिक ने मीडिया को बताया कि 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद इस बात की जानकारी हुई कि छात्र किस रूट से वृंदावन गया था. फिर वह वृंदावन के एक आश्रम में मिल गया. वह सकुशल था. उसको उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है.
वही लड़के ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमानंद जी महाराज को बहुत पसंद करता है और उनके वीडियो देखा करता था. उसकी उनसे मिलने की बहुत इच्छा थी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
