7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने ली 2,300 से ज्यादा लोगों की जान, सीरिया और तुर्की में ढह गई इमारतें

Earthquake in Turkey (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

अंकारा | सीरिया (Syria) की सीमा के पास दक्षिण-पूर्वी तुर्की (Turkey) में सोमवार को रिक्टर पैमाने पर 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. इस भूकंप के बाद तुर्की और सीरिया में 2,300 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है और कई इमारतें गिर गई है.

मालट्या प्रांत में कम से कम 130 इमारतें ढह गई है, जबकि दियारबकीर में 16 इमारतें गिर गई. मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है.

तुर्की के गृह मंत्री सुलेमोन सोयलू ने कहा कि भूकंप का असर लेबनान, सीरिया और साइप्रस में भी महसूस किया गया. बीबीसी के मुताबिक पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भूकंप ने गाजियांटेप, कहारनमारस, हटे, उस्मानिया, आदियामन, मलत्या, सानलिउर्फा, अदाना, दियारबाकिर और किलिस के 10 शहरों को प्रभावित किया है.

मालट्या प्रांत, पूर्व में सानलिउर्फा, दियारबाकिर और उस्मानिया में लोग हताहत हुए हैं.

सोयलू ने कहा, हमने चौथे स्तर का अलर्ट घोषित किया है. यह एक ऐसा अलार्म है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय सहायता शामिल है.

मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई इमारतें ढह गई हैं. मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए बचाव दलों को तैनात किया गया है.

अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी सीरिया में अलेप्पो में कई इमारतें जमींदोज हो गई है. झटके इतने तेज थे कि उन्हें लेबनान और साइप्रस तक महसूस किया गया.

गौरतलब है कि तुर्की दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंप क्षेत्रों में से एक में स्थित है.

1999 में, देश के उत्तर-पश्चिम में आए एक शक्तिशाली भूकंप में 17,000 से अधिक लोग मारे गए थे.

30 अक्टूबर, 2020 को इजमिर शहर में आए 7.0 तीव्रता के भूकंप से 117 लोगों की मौत हो गई थी.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!