असम में 6 उग्रवादी ढेर, भारी संख्या में हथियार बरामद

Six terrorists killed in Assam
The Hindi Post

गुवाहाटी | यहां के कार्बी आंगलोंग जिले के धनसिरी इलाके में सुरक्षाबलों ने कम से कम छह दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) के उग्रवादियों को मार गिराया। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। मारे गए आतंकियों के पास से चार एके-47 राइफल, चार रिवॉल्वर, कुछ जिंदा ग्रेनेड, बंदूक और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।

मीडिया के एक वर्ग ने हालांकि कहा कि आठ डीएनएलए गुरिल्ला उग्रवाद विरोधी अभियान में मारे गए। अभियान कार्बी आंगलोंग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश सोनोवाल की कमान में चल रहा है।

असम पुलिस के महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने कहा कि डीएनएलए के छह कट्टर शीर्ष कैडर को कार्बी आंगलोंग जिले में तब मार गिराया गया, जब उन्होंने उग्रवाद विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम पर गोलीबारी की।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस प्रमुख ने कहा कि अवैध डीएनएलए अपहरण, जबरन वसूली, हत्या में शामिल रहा है और असम में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नागालैंड की सीमा से लगे कार्बी आंगलोंग जिले के धनसिरिपार इलाके में उग्रवाद विरोधी अभियान हाल ही में तेज कर दिया गया था, जब संदिग्ध डीएनएलए उग्रवादियों ने 19 मई को दाओजिंगफांग गांव में संजय रोंगांग नाम के एक व्यक्ति को मार डाला था। दिमासा छात्र संघ सहित कई संगठनों ने संजय रोंगहांग की हत्या की निंदा की थी। और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

डीएनएलए कार्बी आंगलोंग के कुछ क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के दीमा हसाओ जिले में सक्रिय है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!