मेघालय में भाजपा नेता द्वारा संचालित कथित ‘वेश्यालय’ से 5 बच्चों को बचाया गया, 73 हिरासत में
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
शिलांग | मेघालय के तुरा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बर्नार्ड एन. मारक (Bernard N. Marak) द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे एक ‘वेश्यालय’ से पांच बच्चों को बचाया गया है और 73 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
भाजपा नेता ने इस आरोप से इनकार किया है और मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा (Conrad K. Sangma) पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है.
एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशाल पुलिस दल ने पश्चिमी गारो हिल्स जिले के रिंपू बागान में आठ घंटे तक छापेमारी की. यह बागान उग्रवादी से नेता बने मराक उर्फ रिंपू का है.
वेस्ट गारो हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख विवेकानंद सिंह ने कहा कि पुलिस ने पांच नाबालिगों (चार लड़के और एक लड़की) को बचाया है. उन्होंने कहा कि यह सभी नाबालिग रिंपू बागान में गंदे केबिन जैसे अस्वच्छ कमरों के अंदर बंद थे. इस बागान में 30 कमरे हैं. उन्होंने बताया कि इन सभी बच्चों को सुरक्षित अभिरक्षा और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी को सौंप दिया गया है.

पुलिस के एक बयान में कहा कि, “पुलिस टीम ने कई युवा लड़के और लड़कियों को परिसर में, कमरों के अंदर और साथ ही वाहनों के अंदर भी खुलेआम शराब पीते देखा. उनमें से कुछ बिना कपड़ों या बहुत कम कपड़ों के वाहन के अंदर बैठे थे. तदनुसार, पुलिस दल ने 68 लड़के व लड़कियों को हिरासत में ले लिया.”
पुलिस ने कहा कि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
पुलिस ने वहां के प्रबंधक, केयरटेकर और अन्य तीन कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया है और इसके अलावा 36 वाहन, 47 मोबाइल फोन, 1,68,268 मिलीलीटर शराब, 500 अप्रयुक्त गर्भनिरोधक (कंडोम) और अन्य आपत्तिजनक सामग्री को जब्त किया है.
बयान में कहा गया, “रिंपू बागान परिसर में बरामद सामग्री से ऐसा लगता है कि मराक और उसके साथी इस जगह का इस्तेमाल वेश्यावृत्ति के लिए ‘वेश्यालय’ के तौर पर कर रहे थे.”

गारो ट्राइबल ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल के निर्वाचित सदस्य मारक ने एक बयान में मुख्यमंत्री संगमा की फार्महाउस पर छापेमारी के लिए कड़ी आलोचना की और वेश्यालय चलाने के आरोपों से इनकार कर दिया.
पुलिस गिरफ्तारी से बच रहे मराक ने दावा किया कि, “मुख्यमंत्री हताश हो रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वह अपनी दक्षिण तुरा सीट भाजपा से हार रहे हैं. मेरे फार्महाउस पर छापेमारी मेरी छवि खराब करने और राजनीतिक प्रतिशोध का एक हताशा भरा प्रयास है.”
पुलिस के अनुसार, मराक के खिलाफ 25 आपराधिक मामले है.
आईएएनएस
