लखनऊ के होटल में आग लगने से 4 की मौत, घायलों का हालचाल लेने योगी पहुंचे अस्पताल

Yogi Adityanath reached civil hospital lucknow Lucknow fire 4 dead

Photo: Twitter@myogiadityanath

The Hindi Post

लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को होटल लेवाना में भीषण आग लग गई. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है.पीड़ितों का हालचाल लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिविल अस्पताल खुद पहुंचे.

लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज अग्रवाल ने बताया कि होटल हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है. 13 लोग अभी अस्पताल में भर्ती है. सभी का इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि घायलों के लिए 13 एम्बुलेंस लगा दी गई हैं.

सीएम योगी रेस्क्यू ऑपरेशन पर पल-पल की नजर रखे हुए हैं. घायलों का हाल जानने वह खुद सिविल अस्पताल पहुंचे हैं. उन्होंने अधिकारियों से होटल में ठीक ढंग से सर्च ऑपरेशन कर एक-एक व्यक्ति की सुरक्षा और घायलों को अच्छा इलाज सुनिश्चति करने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन
विज्ञापन

इस बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने भी स्थानीय प्रशासन से फोन पर घटना के बारे में जानकारी ली है. उन्होंने घटना पर दु:ख जताया है.

राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि लखनऊ के एक होटल में आग लगने की दुखद घटना की मुझे जानकारी प्राप्त हुई. स्थानीय प्रशासन से मैंने स्थिति की जानकारी ली है. उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है. मेरा कार्यालय लगातार स्थानीय प्रशासन के सम्पर्क में है. मैं घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करता हूं.

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने और राहत बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर की संयुक्त कमेटी को जांच करने का आदेश दिया है. प्रदेश के उपमुख्मंत्री ब्रजेश पाठक भी घायलों का हालचाल लेने सिविल अस्पताल पहुंचे और कहा कि मामले की जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

आग पर काबू पाने के लिए बुलडोजर से दीवार तोड़ी गई. जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि होटल में कुल 30 कमरे हैं, इनमें से 18 कमरों में लोग थे. 30 से 35 लोग कमरों में मौजूद थे. पहली मंजिल पर बैंक्वट हॉल है. यहां कई लोग थे. कई लोग सुबह होटल से निकल गए थे.

होटल लेवाना में हुए अग्निकांड में सरकार और शासन के निर्देश पर मंडलआयुक्त रोशन जैकब और पुलिस कमिश्नर एस बी एस बी शिरडकर के नेतृत्व में जांच कमेटी बनाई गई जो घटना की जांच करेगी.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!