दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 3 जवान शहीद
सांकेतिक फोटो (आईएएनएस/निसार मलिक)
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के हलाण वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ के दौरान तीन जवान शहीद हो गए. यह जानकारी अधिकारियों ने दी.
सेना ने एक बयान में कहा, “कुलगाम में हलाण के ऊंचे इलाकों में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को ऑपरेशन शुरू किया. इस क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए थे. बाद में उनकी मृत्यु हो गई.”
सेना ने यह भी कहा कि हलाण वन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
इससे पहले पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट मिला था.
सुरक्षा बलों द्वारा इलाके को घेरने के बाद, वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
