शर्मनाक ! बाजार से गुजर रहा था युवक, लोगों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, क्यों की यह बर्बरता ?

DEAD BODY

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

शर्मनाक ! बाजार से गुजर रहा था युवक, लोगों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, क्यों की यह बर्बरता ?

 

 

मुंबई | महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के गोरेगांव इलाके में कुछ लोगों ने एक युवक को चोर समझकर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय हर्षल परमा के रूप में हुई है.

यह घटना तब हुई जब हर्षल किसी काम से गोरेगांव के एक इलाके से गुजर रहा था. उसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर चोरी का शक जताया. बिना किसी पुख्ता सबूत के लोगों ने पहले उसे पकड़ा और फिर बेरहमी से पिटाई कर दी. पुलिस ने बताया कि पिटाई इतनी भयानक थी कि युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई. घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को ‘मोहल्ला सुरक्षा दल’ का हिस्सा बताया था, जो इलाके में संदिग्ध लोगों पर नजर रखते हैं. जब घटना की जानकारी गोरेगांव पुलिस को मिली, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया.

गोरेगांव पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान सलमान मोहम्मद खान, इसामुल्ला खान, गौतम और राजीव गुप्ता के रूप में की गई है. सभी को हत्या और मारपीट की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “आरोपियों ने युवक को चोर समझ लिया था. उन्होंने बिना जांच-पड़ताल के उसकी बुरी तरह पिटाई की. युवक की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई.”

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हर्षल परमा पर चोरी का शक क्यों और कैसे हुआ. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस समय हर्षल वहां क्या कर रहा था और हमला कैसे शुरू हुआ. साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात के पीछे कोई पुराना विवाद या आपसी रंजिश थी.

इलाके के कुछ निवासियों ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेना बेहद गलत है. किसी को शक के आधार पर इतनी बेरहमी से मारना इंसानियत के खिलाफ है. फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!