नागपुर-मुंबई सुपर-एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से 25 लोगों की जलकर मौत

Bus catches fire in Buldhana Maharashtra 25 dead (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

नागपुर | महाराष्ट्र में शनिवार रात को भीषण हादसा हो गया. बुलढाणा (महाराष्ट्र) में नागपुर-मुंबई सुपर-एक्सप्रेसवे पर एक बस दुर्घटना में कम से कम 25 यात्रियों की जलकर मौत हो गई. दरअसल, बस पलट गई थी और उसमें आग लग गई थी. जिस समय यह हादसा हुआ यात्री सो रहे थे.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विदर्भ ट्रैवल्स की बस नागपुर से पुणे जा रही थी और यह हादसा रात करीब 1.15 बजे सिंधखेडराजा एरिया के पास हुआ.

महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, तेज गति से जा रही बस सबसे पहले एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से टकराई, फिर एक खंभे से लड़कर नियंत्रण से बाहर हो गई. फिर एक विस्फोट हुआ और उसके बाद बस आग का एक गोला बन गई. इससे यात्री बस में ही फंस गए.

Advt
Advt

घटना के समय बस में दो ड्राइवर और एक क्लीनर समेत 33 लोग सवार थे. इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच घायलों को बुलढाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे में एक चालक की भी मौत हो गई.

इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई. घायल शीघ्र स्वस्थ हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है. बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए PMNRF से दिए जाएंगे.”

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है और प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये का मुआवजा और घायलों के लिए मुफ्त इलाज की घोषणा की है.

फिलहाल हादसे की सही वजहों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post
error: Content is protected !!