अर्नब की गिरफ्तारी को लेकर सियासत, ओमप्रकाश राजभर बोले – यूपी में जो हुआ वो इमरजेंसी था या रामराज?
ओम प्रकाश राजभर
लखनऊ | रिपब्लिक टीवी के संपादक अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी को लेकर उत्तर प्रदेश में भी सियासी हलचल शुरू हो गयी है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अर्नब के खिलाफ हुई कार्रवाई को गलत बताया है। वहीं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके ओमप्रकाश राजभर ने इस पर तंज कसा और कहा कि यूपी सरकार ने जो किया वो क्या था – इमरजेंसी या रामराज? अर्नब गोस्वामी के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी जी की गिरफ्तारी कांग्रेस पार्टी के द्वारा अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार है। देश में इमरजेंसी थोपने व सच्चाई का सामना करने से हमेशा मुंह छुपाने वाली कांग्रेस पुन: प्रजातंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रही है।
इस पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व योगी सरकार के मंत्री रहे ओमप्रकाश राजभर ने ट्वीट के माध्यम से लिखा कि, योगी सरकार में एक साल में चालीस पत्रकारों पर एफआईआर हुई। पत्रकारों की हत्या हुई। सरकार के खिलाफ खबर लिखने पर इओडब्लू जैसी ऐजेंसी पीछे लगा दी गयी। पर जब आज अर्नब की गिरफ्तारी पर बिलबिला रहे हैं वह खामोश थे और अर्नब की गिरफ्तारी से इनको लोकतंत्र की याद आ रही है। नौटंकी इसी को कहते है।
योगी सरकार में एक साल मे चालीस पत्रकारों पर FIR हुई ! पत्रकारों की हत्या हो गयी! सरकार के खिलाफ ख़बर लिखने पर EOW जैसी ऐजेसी पीछे लगा दी गयी पर जो आज अर्नब की गिरफ्तारी पर बिलबिला रहे है वह ख़ामोश थे और अर्नब की गिरफ़्तारी से इनको लोकतंत्र की याद आ रही है ! नौटंकी इसी को कहते है!
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 4, 2020
इसके अलावा एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि योगी सरकार में मिड-डे मील के नाम पर मासूम बच्चों को नमक रोटी परोसे जाने की खबर सामने लाने वाले मिर्जापुर के पत्रकार पवन जायसवाल, आजमगढ़ के पत्रकार संजय जायसवाल, प्रशांत कनौजिया, भ्रष्टाचार उजागर करने वाले मनीष पांडेय के साथ जो किया गया वो क्या था – इमरजेंसी या रामराज?
योगी सरकार में मिड डे मील के नाम पर मासूम बच्चों को नमक रोटी परोसे जाने की खबर सामने लाने वाले मिर्जापुर के पत्रकार पवन जायसवाल, आज़मगढ़ के पत्रकार संजय जायसवाल, प्रशांत कनौजिया भ्रष्टाचार उजागर करने वाले मनीष पांडेय के साथ UP सरकार ने जो किया वो क्या था ? इमरजेंसी या रामराज ? ✌️
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 4, 2020
पत्रकार गौरी लंकेश,नरेंद्र दाभोलकर पर जानलेवा हमले होते है। प्रशान्त कनोजिया को जेल में डाला जाता है। दलित पत्रकार मीना कोटवाल के साथ हाल ही में बिहार के मोतिहारी में बदसुलूकी की जाती है। तब अर्णव के समर्थन में उतरने वाले बीजेपी के लोग छुपे होते है या फंसे होते है?पूछता है भारत?
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 4, 2020
ज्ञात हो कि रायगढ़ पुलिस की टीम ने बुधवार सुबह मुंबई के लोअर परेल स्थित घर से गोस्वामी को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा उन्हें पुलिस वैन में धकेलते हुए देखा गया। अर्नब की जमानत पर बुधवार देर रात तक अलीबाग कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अर्नब की गिरफ्तारी की चौतरफा निंदा हो रही है। महाराष्ट्र के तीन सत्तारूढ़ दलों को छोड़कर भाजपा समेत अन्य सभी दलों ने गिरफ्तारी की निंदा की है। इस गिरफ्तारी को लेकर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने भी मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की है।
आईएएनएस
