हैवानियत: युवकों को उल्टा लटका के बेदर्दी से मारा गया, नीचे लगा दी गई आग, PHOTO
Photo: IANS
हैदराबाद | तेलंगाना के मनचेरियल जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां चोरी के संदेह में एक दलित सहित दो युवकों को उल्टा लटका कर पीटा गया.
यह घटना शुक्रवार को हैदराबाद से लगभग 300 किलोमीटर दूर मनचेरियल जिले के मंदामरि में हुई.
युवकों को न सिर्फ उल्टा लटका गया बल्कि उनके नीचे आग भी जलाई गई. इसके बाद दोनों की पिटाई की गई. प्रताड़ना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया. इससे हड़कंप मच गया.
19 वर्षीय तेजा और उसके दलित दोस्त किरण (30) को एक शख्स और उसके परिवार के सदस्यों ने पकड़ लिया और शेड के नीचे बांध कर उन्हें उल्टा लटका दिया. मारपीट करने वाला शख्स भेड़ पालक है.
करीब 20 दिन पहले शेड से एक बकरी और कुछ लोहे की छड़ें चोरी हो गई थी. इस शेड के मालिक कोमुराजुला रामुलु और उनके परिवार के सदस्यों को तेजा और उसके दोस्त पर चोरी का संदेह था. इसलिए उन लोगो ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और उन्हें उल्टा बांध कर पीटा.
वह इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने उनके नीचे आग जला दी. ऐसा उन्होंने इसलिए किया ताकि उनका दम घुट जाए.
पुलिस के मुताबिक तेजा, कोमुराजुला के भेड़ फार्म पर काम करता था. उसकी मां एक सफाई कर्मचारी के रूप में वहां काम करती हैं.
पुलिस ने कोमुराजुला और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
IANS
