योगी सरकार उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पहुंचाएगी गंगाजल
प्रयागराज | महाकुंभ के संपन्न होने के बाद अब यूपी सरकार श्रद्धालुओं के लिए एक अनोखी पहल की तैयारी में है. सीएम योगी के निर्देश पर अग्निशमन तथा आपात सेवा ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संगम का जल पहुंचाने की नायाब पहल की है.
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा था कि जो लोग किन्हीं कारणों से महाकुंभ में स्नान करने नहीं आ पाए हैं उनके लिए सरकार संगम का जल भिजवाएगी.”
ऐसे में मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अग्निशमन तथा आपात सेवा की अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रमोद शर्मा को निर्देश दिए हैं कि सभी 75 जनपदों से आए फायर टेंडर (अग्नि शमन) के माध्यम से संगम का जल भिजवाया जाए. शुक्रवार से जनपदों से आए फायर टेंडर लौटना शुरू होंगे और उन सभी में संगम का जल भेजा जाएगा ताकि लोग संगम के जल से घर पर स्नान कर पुण्य अर्जित कर सकें.
यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप एक अनोखी पहल है जिसके तहत किसी कारण से कुंभ न आ पाने वाले श्रद्धालुओं को भी जल मिलेगा.
बता दें कि महाकुंभ में इस बार 66 करोड़ से भी अधिक श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में आकर आस्था की डुबकी लगाई थी.
