UP CM ने मंत्रिमंडल संग देखी ‘द केरला स्टोरी’, अखिलेश ने कसा तंज
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ देखी. लोकभवन ऑडिटोरियम में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग की गई थी. यहां मुख्यमंत्री व मंत्रीगणों के साथ-साथ बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही. वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर फिल्म से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की.
सीएम के साथ कैबिनेट के 50 से ज्यादा मंत्री-विधायक भी मौजूद रहे. इसके अलावा, 50 से ज्यादा अफसर और 300 छात्राएं-महिलाएं भी मौजूद रही. नौ मई को मुख्यमंत्री ने फिल्म यूपी में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था. इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा ने भी लखनऊ और आगरा में स्कूली छात्राओं को फ्री में ये फिल्म दिखाई थी.
फिल्म देखने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने कहा, “पिक्चर आगे नहीं पीछे बैठकर देखी जाती है। माननीय उप्र की कहानी पर ध्यान दें तो शायद प्रदेश का कुछ उद्धार हो जाए.”
पिक्चर आगे नहीं पीछे बैठकर देखी जाती है। माननीय उप्र की कहानी पर ध्यान दें तो शायद प्रदेश का कुछ उद्धार हो जाए।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 12, 2023
इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, मैं बहुत खुश हूं कि ‘द केरला स्टोरी’ को लोकभवन में पूरे कैबिनेट के साथ देखने का अवसर मिला. हम पश्चिम बंगाल में इस फिल्म से बैन हटाने की मांग करते हैं. आने वाले समय में पश्चिम बंगाल का भी सच लोगों के सामने आएगा.”
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ‘द केरला स्टोरी’ सच्ची घटना पर आधारित है. इस फिल्म से समाज को दिशा मिलेगी, बच्चें सतर्क होंगे. कलाकारों पर बैन लगाना उचित नहीं है.
फिल्म देखने पहुंची मधु ने कहा कि इस फिल्म से हर हिंदू लड़की को संदेश लेने की जरूरत है. हम सब को एक-दूसरे को जागरूक करने की जरूरत है. अगर पता चले कि धर्म से जुड़े मामले में कोई फ्रेंड फंसी है तो उसे समझाना चाहिए.
कार्तिका सिंह ने कहा कि यह फिल्म समाज में जागृति का संदेश दे रही है. हम लोग अगर अपने बच्चों को संस्कृति और हिंदू धर्म के बारे में जागरूक कराते हैं तो भटकाव की स्थिति कभी नहीं आएगी.
रोमिता सिंह ने कहा कि यह सिर्फ धर्म परिवर्तन का मुद्दा नहीं है. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे धर्म परिवर्तन कराकर आतंकवाद से जोड़ा जा रहा है. यह फिल्म हमें सचेत रहने का संदेश देती है.
आईएएनएस
