विदेश सचिव विक्रम मिस्री को सोशल मीडिया पर किया गया ट्रोल, बेटी की व्यक्तिगत संपर्क जानकारी हुई लीक, महिला आयोग ने ट्रोलर…

Vikram Misri Foreign Secretary 2 (1) (1)

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री को अचानक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्रोल किया जाने लगा. इतना ही नहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके परिवार के सदस्यों के बारे में अभद्र टिप्पणियां कीं और उनकी बेटी को भी ट्रोल किया गया.

वहीं, अब इस मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने संज्ञान लिया है. साथ ही विक्रम मिस्री की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने की कड़ी निंदा करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया है.

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की ओर से एक बयान जारी किया गया. इसमें कहा गया, “भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री के परिवार, विशेष रूप से उनकी बेटी के खिलाफ किए गए निंदनीय ऑनलाइन दुर्व्यवहार की राष्ट्रीय महिला आयोग कड़े शब्दों में निंदा करता है. विदेश सचिव की बेटी की व्यक्तिगत संपर्क जानकारी साझा करना गंभीर रूप से गैर-जिम्मेदाराना काम है. यह गोपनीयता का गंभीर उल्लंघन है जो उनकी सुरक्षा को खतरे में डालता है.”

महिला आयोग ने कहा, “विक्रम मिस्री जैसे देश के वरिष्ठतम सिविल सेवक पर इस तरह के व्यक्तिगत हमले न केवल अस्वीकार्य हैं बल्कि नैतिक रूप से भी अक्षम्य हैं. हम सभी से शालीनता, सभ्यता और संयमित व्यवहार का आग्रह करते हैं.”

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकाने ध्वस्त कर दिए थे. भारतीय सेना ने पाकिस्तान के हर उकसावे वाली कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब भी दिया था.

विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी और वायुसेना की अधिकारी विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लगातार प्रेस ब्रीफिंग की. उन्होंने बताया कि 10 मई को जब अचानक सीजफायर का ऐलान किया गया तो इससे लोगों में नाराजगी दिखी. इसके बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ट्रॉल्स के निशाने पर आ गए.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!