किले में महिलाओं ने पढ़ी नमाज, भाजपा सांसद ने बताया ऐतिहासिक धरोहर का अपमान, हिन्दू संगठन ने किया ‘शुद्धिकरण’

women offer namaz at Shanivarwada Pune 2
The Hindi Post

किले में महिलाओं ने पढ़ी नमाज, भाजपा सांसद ने बताया ऐतिहासिक धरोहर का अपमान, हिन्दू संगठन ने किया ‘शुद्धिकरण’….

 

बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें महिलाओं को पुणे (महाराष्ट्र) के ऐतिहासिक शनिवार वाडा में कथित तौर पर नमाज पढ़ते हुए देखा गया. इसके बाद से राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है. भारतीय जनता पार्टी की सांसद मेधा कुलकर्णी ने इसका जमकर विरोध किया है. उन्होंने इसे ऐतिहासिक धरोहर का अपमान बताया है.

रविवार को मेधा कुलकर्णी ने सकल हिंदू समाज और पतित पावन संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार वाडा परिसर में प्रदर्शन किया. जिस जगह पर नमाज पढ़ी गई थी वहां गौमूत्र और गोबर छिड़का गया. कहां गया कि ऐसा करके ‘शुद्धिकरण’ किया गया.

मेधा कुलकर्णी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “शनिवार वाडा में नमाज नहीं चलेगी. हिंदू समाज जाग चुका है! चलो शनिवार वाडा !” उन्होंने रविवार शाम 4 बजे कस्बा पुलिस चौकी के सामने प्रदर्शन का ऐलान किया था. इस कारण पुलिस ने बगीचे को बंद कर दिया था.

रविवार को आईएएनएस से बात करते हुए मेधा कुलकर्णी ने कहा था, “समस्त हिंदू समाज की ओर से आज एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया. जिस स्थान पर मुस्लिम महिलाओं ने शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे नमाज अदा की, वह हमारी ऐतिहासिक धरोहर का हिस्सा है. यह स्मारक (शनिवार वाडा) भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित है. उन्होंने (महिलाओं) इस स्मारक के अंदर नमाज अदा की, इस कारण हमें यह विरोध प्रदर्शन करना पड़ा.”

बता दे कि रविवार को भाजपा सांसद कुलकर्णी के नेतृत्व में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शनिवार वाडा पहुंचे थे. उन्होंने नमाज वाली जगह पर गौमूत्र छिड़का और शिव वंदना की. कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए. उन्होंने कहा शनिवार वाडा हमारा है. यह पेशवाओं का गौरव है.

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस कृष्णकेश रावले ने कहा कि शनिवार वाडा एएसआई (आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) के संरक्षण में है और विभाग से चर्चा के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी.

इस प्रदर्शन की विपक्षी दलों ने कड़ी निंदा की है. अजित पवार की एनसीपी ने भाजपा सांसद कुलकर्णी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. एनसीपी नेता रूपाली थोम्बरे ने कहा, “कुलकर्णी हिंदू-मुस्लिम तनाव पैदा कर रही हैं. शनिवार वाडा में कब्र दशकों से मौजूद है. नमाज पढ़ना अपराध नहीं. यह विवाद स्थानीय निकाय चुनावों से पहले वोटरों को ध्रुवीकृत करने की साजिश है.”

 

Hindi Post Web Desk


The Hindi Post
error: Content is protected !!