थाने आई महिला के सिर में लगी गोली, पुलिस अधिकारी के हाथ में थी पिस्टल, पूरी घटना CCTV में कैद

Aligarh (1)
The Hindi Post

यूपी के अलीगढ़ में बड़ी घटना घट गई है. यहां एक पुलिस थाने में महिला को गोली लग गई है. गोली महिला के सिर में लगी. गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी. इससे मौके पर हड़कंप मच गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है. बता दे कि पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला अलीगढ़ के कोतवाली थाने का है. यहां एक महिला पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आई थी. वो दारोगा की मेज के सामने खड़ी थी. तभी दारोगा के हाथों सरकारी पिस्टल से गोली चल गई. गोली सीधे महिला के सिर में लगी. इससे वो जमीन पर गिर गई. महिला के बगल में खड़े शख्स ने उन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन वह लहूलुहान बेसुध पड़ी रही. पुलिसवालों की मदद से उन्हें फौरन पास के अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर है.

इस बीच जैसे ही घटना की सूचना अधिकारियों को मिली वो मौके पर पहुंच गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपी दारोगा मनोज शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ दारोगा के विरुद्ध मुकदमा भी पंजीकृत कराया है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!