इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला: बेरहम मां ने तीन साल की मासूम को नदी में फेंका….
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
कोच्चि | केरल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपनी तीन साल की बेटी को कथित तौर पर नदी में फेंक दिया. आरोपी महिला का नाम संध्या है. उसकी बेटी का नाम कल्याणी है.
जानकारी के अनुसार, संध्या जब घर लौटी तो उसके साथ कल्याणी नहीं थी. इस पर एली (संध्या की मां) ने कल्याणी के बारे में संध्या से पूछा.
एली ने कहा कि संध्या बोली कि कल्याणी कही चली गई है. हालांकि, बाद में संध्या ने लोगों को बताया कि कल्याणी लापता हो गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कल्याणी की तलाश शुरू की. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि संध्या को चालक्कुडी नदी के पास देखा गया था. पूछताछ के दौरान संध्या ने कबूल लिया कि उसने कल्याणी को नदी में फेंक दिया था.
इसके बाद पुलिस ने संध्या को हिरासत में ले लिया. नदी में कल्याणी को ढूंढा गया. उसका शव मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे नदी से बाहर निकाला गया.
पुलिस के अनुसार, संध्या के पति सुभाष ने बताया कि वह (संध्या) उसकी बात नहीं मानती थी. उन्होंने बताया कि पारिवारिक समस्याओं के चलते संध्या ने इस अपराध को अंजाम दिया.
सुभाष ने कहा, “संध्या केवल अपनी बहन और मां की बात सुनती थी. अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है. मैं बता दूं कि यह बात सही नहीं है.”
सुभाष के पड़ोसी अशोकन ने बताया कि पिछले दिनों संध्या ने कल्याणी को जहर वाली आइसक्रीम खिलाने की कोशिश की थी लेकिन वो ऐसा कर नहीं पाई थी. संध्या के बेटे ने उसकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया था.
अशोकन ने बताया कि इसके बाद संध्या को काउंसलिंग के लिए भेज दिया गया था. उन्होंने कहा कि इस बारे में पुलिस को भी जानकारी दी गई थी.
फ़िलहाल कल्याणी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव को सुभाष को सौंप दिया जाएगा.
