आईटी कंपनी की महिला मैनेजर से कार में ‘गैंगरेप’, करतूत हुई डैशकैम में रिकॉर्ड
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
आईटी कंपनी की महिला मैनेजर से कार में ‘गैंगरेप’, करतूत हुई डैशकैम में रिकॉर्ड
उदयपुर | एक निजी आईटी कंपनी की महिला मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के सीईओ और एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के पति पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता का दावा है कि यह घटना चलती कार में हुई और उस समय कंपनी की महिला एग्जीक्यूटिव हेड भी वहां मौजूद थीं. मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि यह कथित वारदात 20 दिसंबर को उदयपुर के सुखेर इलाके में हुई. पीड़िता के बयान के अनुसार, वह कंपनी के सीईओ के जन्मदिन और नववर्ष समारोह में शामिल हुई थी. यह पार्टी शोभागपुरा स्थित एक होटल में रात करीब 9 बजे शुरू हुई और लगभग 1:30 बजे तक चली. इस दौरान शराब पीने के कारण पीड़िता अर्धबेहोशी की हालत में पहुंच गई थीं.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब अन्य मेहमान वहां से चले गए तब तीनों ने उसे घर छोड़ने की पेशकश की. आरोप है कि उन्होंने दबाव बनाकर पीड़िता को महिला एग्जीक्यूटिव हेड की कार में बैठा दिया. इसके बाद सीधे उसे (पीड़िता) घर ले जाने के बजाय रास्ते में एक दुकान पर रुककर सिगरेट जैसी दिखने वाली वस्तु खरीदी गई.
पीड़िता का आरोप है कि उसे उस वस्तु का सेवन करने के लिए मजबूर किया गया जिसके बाद वह बेहोश हो गई.
होश आने पर पीड़िता को एहसास हुआ कि कंपनी के सीईओ ने उसके साथ अश्लील हरकतें की जबकि महिला एग्जीक्यूटिव हेड के पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया था. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद उसे सुबह करीब 5 बजे घर छोड़ा गया.
पीड़िता ने बाद में कार के डैशकैम में ऑडियो-वीडियो फुटेज को चेक किया. जो कुछ सामने आया वो रोंगटे खड़े कर देने वाला था. पूरी वारदात की आवाजें और कुछ दृश्य उस कैमरे में रिकॉर्ड हो चुके थे.
इस मामले में पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच महिला अपराध इकाई की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी वर्मा के नेतृत्व में की जा रही है. उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
Hindi Post Dot In
