महिला को कॉकपिट में बुलाने का मामला: DGCA ने एयर इंडिया के CEO को भेजा नोटिस, मांगा जवाब
Image by DCStudio on Freepik (सांकेतिक तस्वीर)
नई दिल्ली | नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन को दुबई-दिल्ली उड़ान को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है. दरअसल, इस फ्लाइट के पायलटों ने विमान के कॉकपिट में एक महिला मित्र को आने दिया था. इसी को लेकर नोटिस जारी किया गया है.
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि जांच में देरी करने और संबंधित प्राधिकरण को रिपोर्ट नहीं करने के लिए फ्लाइट के सुरक्षा प्रमुख को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
डीजीसीए के सूत्रों ने कहा कि CEO और फ्लाइट के सुरक्षा प्रमुख – दोनों को कारण बताओ नोटिस का जवाब देना है.
फ्लाइट की एक केबिन क्रू मेंबर ने पायलट द्वारा अपनी महिला मित्र को कॉकपिट में प्रवेश करने की अनुमति देने के बाद DGCA में शिकायत दर्ज कराई थी.
यह घटना 27 फरवरी की है.
DGCA को घटना की समय पर सूचना नहीं देने पर 21 अप्रैल को एयर इंडिया के CEO और फ्लाइट के सुरक्षा प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था.
एक अधिकारी ने कहा कि दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है.
एयर इंडिया की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया है.
इस महीने की शुरूआत में, DGCA ने एयर इंडिया को दुबई-दिल्ली फ्लाइट के पूरे चालक दल को जांच पूरी होने तक हटाने का निर्देश दिया था.
21 अप्रैल को एयर इंडिया ने कहा था कि उसने रिपोर्ट की गई घटना को गंभीरता से लिया है और जांच चल रही है.
आईएएनएस
