महिला के साथ सूरत एक्सप्रेस में छेड़छाड़, विरोध करने पर ट्रेन से फेंका

Train (1) (2)

सांकेतिक तस्वीर (हिंदी पोस्ट)

The Hindi Post

ग्वालियर | लखनऊ से सूरत जा रही एक महिला से कुछ मनचलों ने ट्रेन में छेड़छाड़ की. जब उसने विरोध किया तो मनचलों ने उस महिला और उसके रिश्तेदार को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया. इससे दोनों घायल हो गए. दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड की रहने वाली महिला सूरत एक्सप्रेस से अपने रिश्तेदार के साथ सूरत जा रही थी. वह ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा कर रही थी. इसी दौरान कुछ युवक उसके सामने आए और फोटो खींचने और अभद्रता करने लगे. जब महिला और उसके रिश्तेदार ने विरोध किया तो मनचलों ने उनको पीट दिया.

पुलिस ने बताया कि जब ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से आगे बढ़ी तभी यह वारदात हुई. उसके बाद मनचलों ने उस महिला के साथ उसके रिश्तेदार को ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गए और घायल होने के साथ बेहोश भी हो गए.

सुबह लाइन मैन ने दोनों को घायल अवस्था में देखा. इसके बाद उन्हें जयारोग्य चिकित्सालय उपचार के लिए भेजा गया. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

महिला ने होश आने पर बताया कि ट्रेन मुजफ्फरनगर से चलकर लखनऊ होते हुए ग्वालियर पहुंची थी. ग्वालियर स्टेशन में सामने आकर कुछ युवक बैठ गए जो नशे में थे. उसके बाद उन्होंने अभद्रता की और बाद में ट्रेन से फेंक दिया.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!