कौन होगा गणतंत्र दिवस 2026 का चीफ गेस्ट ? ये जानकारी आई सामने
Image: Twitter/SpokespersonMoD
कौन होगा गणतंत्र दिवस 2026 का चीफ गेस्ट ? ये जानकारी आई सामने
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं.
उसी समय के आसपास भारत–यूरोपीय संघ (EU) शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है. इस सम्मलेन के दौरान, दोनों पक्षों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर होगा.
इससे पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा था कि भारत–EU व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ रही है. हालांकि, इस वर्ष के अंत तक समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि मुक्त व्यापार समझौतों को किसी तय समय-सीमा के दबाव में पूरा नहीं किया जा सकता.
राजेश अग्रवाल ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा था, “सभी मुद्दों पर गहन चर्चा चल रही है और दोनों पक्षों के बीच मतभेद धीरे-धीरे कम हो रहे हैं. समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बैठकों (भौतिक और वर्चुअल दोनों) का आयोजन किया जा रहा है.”
अब तक भारत और यूरोपीय संघ के बीच एफटीए को लेकर कुल 14 दौर की बातचीत हो चुकी है. इसी कड़ी में यूरोपीय संघ की एक वार्ताकार टीम 3 दिसंबर से 9 दिसंबर के बीच नई दिल्ली के दौरे पर आई थी. इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 8 और 9 दिसंबर को यूरोपीय संघ के व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफचोविच के साथ अहम बैठकें की थी.
इन बैठकों से पहले 7 दिसंबर को वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और यूरोपीय आयोग के व्यापार मामलों के महानिदेशक (Director-General for Trade) के बीच भी चर्चा हुई थी. इन बैठकों और वार्ताओं से यह संकेत मिल रहा है कि भारत–EU मुक्त व्यापार समझौते को लेकर दोनों पक्ष गंभीरता से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में इस पर महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
