अमेरिकी हमले के बाद पहली बार आया वेनेज़ुएला का बयान, क्या बोली देश की उपराष्ट्रपति ?
वेनेज़ुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज़ (फोटो: आईएएनएस)
अमेरिकी हमले के बाद पहली बार आया वेनेज़ुएला का बयान, क्या बोली देश की उपराष्ट्रपति ?
कराकस | वेनेज़ुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज़ ने शनिवार को कहा कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस कहा है इसकी जानकारी नहीं है. उपराष्ट्रपति का यह बयान कराकस, मिरांडा, अरागुआ और ला गुआइरा में तड़के हुए अमेरिकी हमलों के बाद आया है.
वेनेज़ुएला के प्रमुख दैनिक अखबार – एल नासियोनाल के अनुसार, रोड्रिग्ज़ ने वेनेज़ोलाना दे टेलेविसिओन को दिए एक टेलीफोन इंटरव्यू में अमेरिकी सरकार से मादुरो और फ्लोरेस के “जीवित होने का प्रमाण” मांगा है. देश की रक्षा के लिए उन्होंने जनता से नागरिक-सैन्य एकजुटता में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया.
फॉक्स न्यूज़ के हवाले से एल नासियोनाल ने रिपोर्ट किया कि रात में हुई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में बड़ी संख्या में चिनूक हेलीकॉप्टर और अन्य विशेष बलों की तैनाती की गई थी.
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को “पकड़ लिया गया है” और उन्हें देश से बाहर ले जाया गया है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेज़ुएला पर बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक हमले को अंजाम दिया है. राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को देश (वेनेज़ुएला) से बाहर ले जाया गया है.”
ट्रंप ने कहा कि यह अभियान अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से किया गया और इसका विस्तृत विवरण मार-ए-लागो में स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे होने वाले प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा किया जाएगा.
IANS/Hindi Post Dot In
