जब पुलिस अधीक्षक ने कैमरे पर माफी मांगी, बोले – ऐसा फिर नहीं होगा, क्या है यह मामला?, VIDEO

Hardoi SP (1)
The Hindi Post

महकमे के लोगों की गलती के लिए किसी पुलिस कप्तान को ऑन कैमरा माफी मांगते आपने शायद ही देखा हो लेकिन यूपी के हरदोई के पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कुछ ऐसा किया ही है. पूरे मामले में यूं तो हरदोई पुलिस की गलती है लेकिन खुद आगे बढ़कर माफी मांगने के पुलिस कप्तान के स्टैंड की हर कोई तारीफ कर रहा है. एसपी नीरज कुमार जादौन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी है. आइए आपको बताते हैं कि ऐसा क्या हुआ था कि एसपी को यूं माफी मांगनी पड़ी.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल अक्टूबर महीने में एक हादसे में एक भाई-बहन घायल हुए थे. घटना के अगले दिन मामले की एफआईआर दर्ज हुई थी. इस मामले में इंसाफ की मांग करते हुए भाई अपनी बहन को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा था. हादसे की वजह से महिला चोटिल थी. उसे चलने में दिक्कत हो रही थी. इसके बावजूद पुलिस ऑफिस पर मौजूद सिपाहियों ने दोनों को रोक दिया था. उन्हें गाड़ी से अंदर नहीं जाने दिया. इसके बाद पीड़िता को चादर के सहारे उठा कर रोड से एसपी ऑफिस तक लाया गया था. उनकी शिकायत थी कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की. मामले की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक ने पहले जांच कराई. जब उन्हें पूरी सच्चाई का पता चला तो वीडियो जारी कर अपने मातहतों के किए पर माफी मांगी. उन्होंने यह भी कहा कि आगे कभी इस तरह की घटना रिपीट (दोबारा) नहीं होगी.

क्या बोले पुलिस अधीक्षक?

आज हरदोई पुलिस ऑफिस में एक्सीडेंट में घायल एक महिला को असुविधा का सामना करना पड़ा. इस बात को लेकर मुझे अत्यंत दुख है. मैं हरदोई पुलिस चीफ होने के नाते, पुलिस अधीक्षक होने के नाते इस महिला से क्षमा मांगता हूं. साथ ही साथ मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि इस तरह की घटना रिपीट नहीं होने दी जाएगी. हरदोई पुलिस को अत्यंत संवेदनशील बनाने का पूरा प्रयास करूंगा. इस घटना के बारे में अवगत कराना है कि 27 अक्टूबर को एक एक्सीडेंट हुआ था जिसमें 28 अक्टूबर को थाना लोनार में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था. इंवेस्टिगेशन जारी है. अति शीघ्र साक्ष्यों के आधार पर इंवेस्टिगेशन का निस्तारण कर दिया जाएगा. मैं पुनः आप सभी से आग्रह करता हूं कि आज की ये जो घटना हुई है इसके आधार पर हरदोई पुलिस के बारे में कोई राय न बनाए. आप सभी को मैं आश्वासन करता हूं कि इस तरह की घटना दोबारा नहीं दी जाएगी. मेरा पूरा प्रयास रहेगा.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!