“जब मैं पाकिस्तान गया था तो घर जैसा लगा था….”, बोले कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा, मचा बवाल
नई दिल्ली | इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा के एक बयान ने फिर से सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा कि जब वह पाकिस्तान गए थे तो उन्हें वहां घर जैसा महसूस हुआ था और ऐसा नहीं लगा कि वह किसी विदेश में हैं. इस बयान पर सत्तारूढ़ दलों और विपक्षी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है जिससे कांग्रेस एक बार फिर विवादों में घिर गई है.
जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “पित्रोदा के बयान से साफ है कि कांग्रेस की सोच देश की जनता के साथ नहीं है. यही वजह है कि जनता कांग्रेस को राजनीतिक पतन की ओर धकेल रही है.”
नीरज कुमार ने कहा, “सैम पित्रोदा, ये भारतीय उपमहाद्वीप के देश हैं. क्या हिंदुस्तान की सरहद आपको खूबसूरत नहीं लगती? क्या यहां आपको खुशनुमा नहीं लगता? क्या पाकिस्तान और बांग्लादेश आपको हिंदुस्तान से बेहतर लगते हैं? हिंदुस्तान का गौरवशाली इतिहास है. यह ज्ञान की भूमि है. अगर आप अज्ञानता का तांडव मचाएंगे तो देश की जनता इसी कारण कांग्रेस को राजनीति के रसातल में ले जाएगी.”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे बयान न केवल भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का अपमान करते हैं बल्कि देश की जनता की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाते हैं.
नीरज कुमार ने राहुल गांधी के हालिया बयान पर भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने भारत के लोकतंत्र को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा, “हिंदुस्तान लोकतंत्र की भूमि है. वैशाली का लोकतंत्र दुनिया के लिए प्रेरणा रहा है. दुनिया ने हमसे लोकतंत्र सीखा है. कौन माई का लाल पैदा हुआ है जो हमारे लोकतंत्र के मूल्यों पर चोट करेगा? राहुल गांधी, आप विदेश प्रवास करते रहें, विदेश से ज्ञान लेते रहें, लेकिन भारत आजाद है और इसका लोकतंत्र हमेशा आजाद रहेगा.”
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत का लोकतंत्र न केवल मजबूत है, बल्कि यह विश्व में एक मिसाल है.
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने सैम पित्रोदा के बयान पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम जगजाहिर है. समय-समय पर वह अपने बयानों से इसका इजहार करते रहते हैं. यह बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है.”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं से अपील है कि वे अपने बयानों में संयम बरतें और देश की एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखें. भारत की जनता ऐसी बयानबाजी को कभी स्वीकार नहीं करेगी. यह समय देश के गौरव को बढ़ाने और एकजुट होकर इसके आर्थिक भविष्य को मजबूत करने का है.
लोजपा (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “कांग्रेस की सोच आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति रखने वाली है. एक तरफ राहुल गांधी कहते हैं कि भारत की हालत नेपाल जैसी हो जाएगी और दूसरी तरफ उनके नेता कहते हैं कि पाकिस्तान और बांग्लादेश घर जैसे लगते हैं. जनता को उनकी इस सोच को समझना चाहिए.”
वहीं, भाजपा नेता राजपुरोहित ने सैम पित्रोदा के बयान पर बेहद तल्ख टिप्पणी की. उन्होंने कहा, “सैम पित्रोदा देश के गद्दार हैं.”
