जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे देने पर क्या बोले अमित शाह?
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
21 जुलाई 2025 को संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था. राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को सौंपे गए अपने पत्र में उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे स्वास्थ्य का हवाला दिया था. उनके अचानक इस्तीफा दे देने से विपक्ष सवाल उठा रहा है. अब इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया सामने आई है.
गृह मंत्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई को सोमवार (25 अगस्त 2025) को दिए इंटरव्यू में जगदीप धनखड़ के इस्तीफा देने पर अपना जवाब दिया. उन्होंने कहा, “धनखड़ साहब का इस्तीफा अपने आप में स्पष्ट है.”
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने अपने इस्तीफे के लिए स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है. उन्होंने अपने अच्छे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री और अन्य मंत्रियों व सरकार के सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार भी व्यक्त किया है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या जगदीप धनखड़ नजरबंद (हाउस अरेस्ट) हैं तो उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि सच और झूठ की आपकी व्याख्या विपक्ष के बयानों पर आधारित है. हमें इस सब पर बखेड़ा नहीं खड़ा करना चाहिए. जगदीप धनखड़ एक संवैधानिक पद पर थे और उन्होंने संविधान के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया. उन्होंने निजी स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया. इस मुद्दे पर ज्यादा विचार-विमर्श नहीं करना चाहिए.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
