पश्चिम बंगाल: हावड़ा में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान बवाल, वाहनों में लगाई गई आग

violence in Howrah (1)

Photo: Twitter@kashmirashwani

The Hindi Post

कोलकाता | पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के कुछ इलाकों में गुरुवार को रामनवमी के जुलूस को लेकर लोगों के दो समूहों के बीच झड़प हो गई.

अंजनी पुत्र सेना नाम के एक संगठन ने रामनवमी के मौके पर शिबपुर के संध्याबाजार इलाके में जुलूस निकाला.

आयोजकों का आरोप है कि जब जुलूस इलाके से गुजर रहा था तो लोगों के एक समूह ने जुलूस में शामिल लोगों पर हमला कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि रामनवमी के जुलूस पर कांच की बोतलें, पत्थर और ईंट फेंकी गई.

आयोजकों ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में हमलावरों ने उन पर देसी बम भी फेंके.

इस बाद झड़पें शुरू हो गईं, जिसके बाद पुलिस की गाड़ियों सहित कई वाहनों में आग लगा दी गई.

इस बीच, आयोजकों ने दावा किया कि उनके पास शोभायात्रा निकालने की अनुमति थी. उन्होंने कहा कि यह अनुमति पुलिस से ले ली गई थी.

एक आयोजक ने पुलिस कर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, “पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय जुलूस में शांतिपूर्वक भाग ले रहे लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया.”

हालांकि पुलिस ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है. अभी यह भी स्पष्ट नहीं हैं कि कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया हैं.

स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, और सूत्रों के अनुसार, झड़पों में कुछ पुलिस कर्मियों सहित कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं.

हालांकि इस घटना को छोड़ दें तो राज्य के बाकी के हिस्सों में कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण रही.

कोलकाता में धरने पर बैठीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनकी शांति बनाए रखने की अपील के बावजूद हावड़ा में घटना हुई.

उन्होंने कहा, “दंगाई हमेशा हावड़ा को निशाना बनाते हैं. वे देश की जनता के दुश्मन हैं.’’ उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन और पुलिस अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!