ममता बनर्जी का पीएम मोदी पर पलटवार, पुरानी फोटो दिखाकर कहा, “राष्ट्रपति खड़ी हैं और आप….”

MAMTA BANARJI

फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया (एक्स / @AITCofficial)

The Hindi Post

राष्ट्रपति के सम्मान को लेकर उठे विवाद पर ममता बनर्जी का पीएम मोदी को तीखा जवाब, पुरानी तस्वीर दिखा कर लगाए ये आरोप……

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान को लेकर उठे विवाद पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा पलटवार किया है. ममता बनर्जी ने कहा कि हर चुनाव के समय उनकी सरकार को बेवजह निशाना बनाया जाता है. उन्होंने कहा, “हमें दोष मत दीजिए, जब भी चुनाव आता है तब हमें ही जिम्मेदार ठहराया जाता है.”

ममता बनर्जी ने दावा किया कि जिस कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, उसके आयोजन स्थल को लेकर उन्होंने पहले ही पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी और फेसबुक पर भी इसे साझा किया था, लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अब उसी मामले में पश्चिम बंगाल सरकार को दोष दिया जा रहा है, जबकि यह केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय था.

राष्ट्रपति के राज्य दौरे पर उन्हें रिसीव करने के लिए मौजूद न होने पर उठे सवालों पर ममता ने कहा कि वह इस समय कोलकाता में धरने पर बैठकर लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं. यह विरोध प्रदर्शन एसआईआर मुद्दे को लेकर टीएमसी द्वारा आयोजित किया गया है. यह धरने का आज तीसरा दिन है.

इस दौरान ममता बनर्जी ने एक तस्वीर दिखाते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा. तस्वीर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खड़ी होकर वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्णा आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित कर रही हैं, जबकि प्रधानमंत्री बैठे दिखाई दे रहे हैं. ममता ने कहा कि वो राष्ट्रपति का सम्मान करती है, लेकिन प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते.

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री मोदी वोट पाने के लिए पश्चिम बंगाल पर लगातार हमला करते हैं. पीएम मोदी द्वारा महिला दिवस पर मातृशक्ति के अपमान का आरोप लगाए जाने पर ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रही है. उन्होंने कहा कि किसी को भी उन्हें महिलाओं का सम्मान करना सिखाने का अधिकार नहीं है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!