भाजपा को हराकर उत्तर प्रदेश ……:, बोले अखिलेश यादव
लखनऊ | समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा को हराकर उत्तर प्रदेश को बचाना है.
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बुलंदशहर और हापुड़ जनपदों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार में लूट की पराकाष्ठा है. हर विभाग, हर कार्य में भ्रष्टाचार है. ये लोग जिलों-जिलों में सरकारी जमीनों, तालाबों, गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं. गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान, नौजवान, महिलाएं और व्यापारी सभी परेशान हैं. आम जनमानस भाजपा के खिलाफ है. इस सरकार में पीडीए समाज का लगातार अपमान हो रहा है. यह सरकार पीडीए समाज को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को तैयार है. विधानसभा चुनाव में भाजपा की कोई चाल नहीं चल सकेगी.
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के प्रत्याशी बिना सर्वे के नहीं घोषित किए जाएंगे. जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव लड़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच रहे. मतदाताओं के संपर्क में रहें. भाजपा से सावधान रहना है. वह वोट काटने की भी साजिश कर सकती है. सपा के कार्यकर्ता उनके के षडयंत्रों पर नजर रखे. नेताओं, कार्यकर्ताओं को बहुत काम करना होगा. वोट बनवाना, वोट बचाना, वोट पड़वाना और वोट गिनवाना. सभी कार्यों को लेकर सजग रहना होगा, तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा.
उन्होंने कहा कि इस सरकार में महंगाई बढ़ती जा रही है. भ्रष्टाचार पर कोई अंकुश नहीं है. थाना, तहसील में उगाही चल रही है. नौजवानों के लिए नौकरियां नहीं रह गई हैं. प्रदेश में न कोई पूंजी निवेश आ रहा है और न ही कोई उद्योग लग रहा है. जो बड़े-बड़े वादे किए गए थे वे हवा हवाई बनकर रह गए हैं. कोई बड़ा उद्योगपति बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए यहां आने को तैयार नहीं है.
