विवेक अग्निहोत्री ने CM ममता बनर्जी को भेजा लीगल नोटिस
Photo: IANS
कोलकाता | पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ (The Kerala Story) पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा के एक दिन बाद, ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने खुलासा किया कि उन्होंने उनके और फिल्म के बारे में की गई टिप्पणियों के लिए उन्हें (ममता बनर्जी) कानूनी नोटिस भेजा है.
अग्निहोत्री ने यह जानकारी ट्विटर के माध्यम से दी. उन्होंने कानूनी नोटिस की एक प्रति भी ट्विटर पर अपलोड की हैं.
CM बनर्जी ने सोमवार को दावा किया था कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द केरला स्टोरी’ जैसी फिल्में समाज के एक वर्ग को अपमानित करने के लिए बनाई गई हैं. इस पर अग्निहोत्री ने आपत्ति जताई हैं.
विवेक अग्निहोत्री ने ट्विटर पर लिखा, “मैंने, अभिषेक अग्रवाल और पल्लवी जोशी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके झूठे और अत्यधिक मानहानिकारक बयानों के लिए एक कानूनी नोटिस भेजा है. इस तरह के बयान हमें और हमारी फिल्मों #TheKashmirFiles और आगामी 2024 की फिल्म #TheDelhiFiles को बदनाम करने के इरादे से दिए गए थे.”
BREAKING:
I have, alongwith @AbhishekOfficl & Pallavi Joshi, sent a LEGAL NOTICE to the Chief Minister, Bengal @MamataOfficial for her false & highly defamatory statements made with malafide intention to defame us & our films #TheKashmirFiles & upcoming 2024 film #TheDelhiFiles. pic.twitter.com/G2SjX67UOB
— Vivek Ranjan Agnihotri (@vivekagnihotri) May 9, 2023
ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि वे धर्म और जाति के आधार पर लोगों के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. इसीलिए ‘द कश्मीर फाइल्स’ को सिर्फ एक विशेष समुदाय के लोगों को बदनाम करने के लिए बनाया गया था. और अब ‘द केरल स्टोरी’ रिलीज हुई है जो की विकृत तथ्यों के साथ एक और असत्य कहानी है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
