पश्चिम बंगाल : मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन में तीन लोगों की मौत

Murshidabad (1)
The Hindi Post

कोलकाता | पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून में संशोधन के खिलाफ एक समुदाय विशेष के लोगों का विरोध जारी है. विरोध-प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में शनिवार को तीन लोगों की जान चली गई. जिले के कई हिस्सों से पिछले कुछ दिनों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं.

मरने वालों में पिता-पुत्र हरगोबिंद दास और चंदन दास शामिल हैं. दोनों मुर्शिदाबाद के समसेरगंज स्थित धुलियान के निवासी हैं. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों के एक वर्ग ने उनकी हत्या कर दी.

जानकारी के मुताबिक, जान गंवाने वालों में तीसरा मृतक अज्ञात नाबालिग है जो मुर्शिदाबाद के ही सुती में हुई हिंसा के बीच फंस गया था. उसकी मौत गोली लगने से हुई है. बताया जा रहा है कि नाबालिग और उसका दोस्त शुक्रवार को सुती के साजुर क्रॉसिंग पर हुई हिंसा के बीच फंस गए थे, जहां उन्हें गोली मार दी गई. दोनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां शनिवार को एक की मौत हो गई.

पश्चिम बंगाल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जावेद शमीम ने शनिवार को पत्रकारों को बताया, “मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक कुल 118 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.“ जावेद शमीम ने अफवाह फैलाकर हिंसा भड़काने की कोशिश करने वाले लोगों को आगाह भी किया.

वहीं, भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य पुस्तकालय सेवा मंत्री सिद्दीकुल्लाह चौधरी और उनके कैबिनेट सहयोगियों पर वक्फ संशोधन अधिनियम पर बड़े पैमाने पर असंतोष भड़काने की पहल करने का आरोप लगाया है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!