टीवी की मशहूर न्यूज एंकर का हुआ निधन, अपने खास अंदाज से घर-घर में बनाई थी जगह
टीवी की मशहूर न्यूज एंकर का हुआ निधन, अपने खास अंदाज से घर-घर में बनाई थी जगह
नई दिल्ली | दूरदर्शन की जानी-मानी न्यूज एंकर सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. दूरदर्शन नेशनल ने सोशल मीडिया पर उन्हें “भावभीनी श्रद्धांजलि” अर्पित करते हुए, उनकी “सौम्य आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमामयी प्रस्तुति” के लिए उन्हें याद किया.
दूरदर्शन परिवार की श्रद्धांजलि
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में दूरदर्शन ने कहा, “दूरदर्शन परिवार की ओर से हम श्रीमती सरला माहेश्वरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. वह एक सम्मानित और प्रतिष्ठित न्यूज एंकर थी जिन्होंने अपनी सौम्यता और विशिष्ट शैली से भारतीय समाचार जगत में एक खास मुकाम बनाया. उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के बीच गहरा विश्वास पैदा किया.”
सहयोगियों ने किया याद
सरला माहेश्वरी के पूर्व सहयोगी शम्मी नारंग ने भी अपनी सह-एंकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, “वह शालीनता और शिष्टाचार की प्रतिमूर्ति थी. वह न केवल दिखने में सुंदर थीं, बल्कि उससे कहीं अधिक उनका हृदय विशाल था. भाषा पर उनकी अद्भुत पकड़ थी और वह ज्ञान का भंडार थी. दूरदर्शन की स्क्रीन पर उनकी उपस्थिति का अपना एक अलग प्रभाव होता था.”

पत्रकारिता के एक ‘स्वर्ण युग’ का अंत
महिला कांग्रेस ने माहेश्वरी के निधन को “टेलीविजन पत्रकारिता के एक स्वर्ण युग का अंत” बताया है. संगठन ने कहा कि उनकी विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी.
शानदार करियर का सफर
सरला माहेश्वरी ने अपने करियर की शुरुआत 1976 में दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के दौरान दूरदर्शन में एक न्यूज अनाउंसर के रूप में की थी. वह भारतीय टेलीविजन पर लाइव समाचार पढ़ने वाली शुरुआती एंकरों में से एक थी.
उन्होंने 1984 तक दूरदर्शन के साथ काम किया जिसके बाद वह यूनाइटेड किंगडम चली गईं. 1986 तक उन्होंने BBC में न्यूज एंकर के रूप में अपनी सेवाएं दीं. 1988 में भारत लौटने के बाद वह दोबारा दूरदर्शन से जुड़ीं और कई वर्षों तक अपनी सेवाएं देती रहीं.
लगभग तीन दशकों के अपने करियर में, सरला माहेश्वरी भारतीय घरों का एक जाना-पहचाना और भरोसेमंद चेहरा बनी रहीं. उन्हें विशेष रूप से ब्लैक-एंड-व्हाइट और शुरुआती रंगीन टीवी के दौर में उनकी शांत, औपचारिक और संयमित प्रस्तुति शैली के लिए जाना जाता था.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
