मूसलाधार बारिश के बीच अचानक फटा बादल, मची भारी तबाही, घरों और दुकानों तक घुसा मलबा, एक युवती की मौत
चमोली के थराली विकासखंड में देर रात बादल फटने से भारी नुकसान हुआ/ (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
मूसलाधार बारिश के बीच अचानक फटा बादल, मची भारी तबाही, घरों और दुकानों तक घुसा मलबा, एक युवती की मौत
चमोली | उत्तराखंड के चमोली में बादल फटने की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि चमोली के थराली विकासखंड में देर रात बादल फटा है जिससे भारी नुकसान हुआ है.
जानकारी के अनुसार, चमोली जिले के थराली विकासखंड में शुक्रवार देर शाम से मूसलाधार बारिश हो रही है. इसी कारण देर रात अचानक बादल फट गया. इस प्राकृतिक आपदा से थराली के कोटडीप, राड़ीबगड़, अपर बाजार, कुलसारी, चेपडो, सगवाड़ा समेत कई इलाकों में व्यापक नुकसान हुआ है. स्थिति यह है कि दुकानों और मकानों में मलबा घुस गया है तथा कई वाहन मलबे में दब गए हैं.
बताया जा रहा है कि चेपडो में बादल फटने से सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली. यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति के लापता होने की सूचना है. इसके अलावा, सगवाड़ा गांव में 20 वर्षीय युवती के मलबे में दबने की खबर मिली है. वहीं, नगर पंचायत थराली के कोटडीप में दुकानों और मकानों को भारी नुकसान हुआ है.
राड़ीबगड़ में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के आवास और नगर पंचायत अध्यक्ष के घर में भी मलबा घुस गया है जिससे दीवारें टूट गईं और भारी क्षति हुई. कई बाइक और अन्य वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए हैं.
#चमोली जिले की #थराली तहसील में अतिवृष्टि से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। जल प्रवाह के साथ आए मलबे से आवासीय भवनों, दुकानों, सरकारी कार्यालयों और वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा है। इस प्राकृतिक आपदा में एक युवती की मौत और एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। #tharalicloudburst pic.twitter.com/paQsvBopmu
— Akashvani News Uttarakhand 🇮🇳 (@airnews_ddn) August 23, 2025
चमोली के एडीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि थराली में बादल फटने की घटना के कारण काफी नुकसान हुआ है. मलबे की चपेट में आने से कविता नाम की महिला के दबने का पता चला है जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिली है. घटना की जानकारी मिलते ही हमारी टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुखद सूचना प्राप्त हुई. जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं. ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं.”
IANS
