उत्तर प्रदेश: राष्ट्रगान के अपमान के आरोप पर क्या बोले विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना
उत्तर प्रदेश: राष्ट्रगान के अपमान के आरोप पर क्या बोले विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना
लखनऊ | उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के उन्नाव दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासत गरमा गई है. वीडियो में गॉड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रगान शुरू होने के दौरान महाना के कार की ओर जाते दिखाई देने को लेकर सवाल उठ रहे है.
विवाद बढ़ने पर महाना ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर सफाई देते हुए कहा कि राष्ट्रगान उस समय प्रेक्षागृह के भीतर शुरू हुआ था और उनकी उपस्थिति वहां नहीं थी. उन्होंने वीडियो के आधार पर भ्रामक विश्लेषण नहीं करने की अपील की.
महाना ने कहा कि उन्नाव में उन्हें प्रोटोकॉल के तहत गॉड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था. संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह के भीतर राष्ट्रगान शुरू हुआ, जहां उनकी उपस्थिति नहीं थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों कार्यक्रम अलग-अलग थे और राष्ट्रगान के दौरान उनके नहीं रुकने की बात पूरी तरह गलत है.
विधानसभा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो के संबंध में सही तथ्यों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि किसी तरह का भ्रम न फैले. उन्होंने कहा कि कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानो राष्ट्रगान के समय वह रुके नहीं थे.
महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक प्रत्येक अवसर और स्थान पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं तथा सहयोगियों ने संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे. उन्होंने मीडिया और पत्रकारों से भी अपील की कि किसी वीडियो या घटना पर चर्चा करने से पहले तथ्यों की सत्यता की जांच जरूर कर लें.
उल्लेखनीय है कि वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी खेमे की ओर से इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाए जा रहे है. सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं है. महाना की सफाई के बाद अब यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच पहुंच गया है.
IANS
उत्तर प्रदेश: राष्ट्रगान के अपमान के आरोपों पर सतीश महाना की सफाई, बोले- वीडियो से भ्रम फैलाया जा रहा
