अमेरिका में इन 75 देशों के नागरिकों की नो एंट्री, ट्रंप सरकार का फैसला

Donald Trump 224 (1)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फाइल फोटो (आईएएनएस)

The Hindi Post

अमेरिका में इन 75 देशों के नागरिकों की नो एंट्री, US freezes immigrant visas for 75 countries

 

वॉशिंगटन | ट्रंप प्रशासन ने 75 देशों के नागरिकों के लिए अप्रवासी वीजा प्रक्रिया को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला किया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के निर्देश और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के सार्वजनिक बयानों के अनुसार, यह निर्णय इस आशंका के आधार पर लिया गया है कि वीजा आवेदक अमेरिका पहुंचने के बाद “सार्वजनिक बोझ” (सरकारी सहायता पर निर्भर) बन सकते हैं और वहां की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने लगेंगे.

यह रोक 21 जनवरी से प्रभावी होगी. इसके तहत दुनियाभर में स्थित अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों को इमिग्रेंट वीजा की प्रोसेसिंग रोकने को कहा गया है. ऐसा इसलिए किया गया है ताकि मौजूदा इमिग्रेशन कानून के तहत स्क्रीनिंग और वेटिंग प्रक्रियाओं की दोबारा समीक्षा की जा सके.

स्टेट डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल डिप्टी प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा, “अमेरिका की इमिग्रेशन प्रणाली के दुरुपयोग को ट्रंप प्रशासन समाप्त कर रहा है. ऐसे लोग जो अमेरिकी जनता की उदारता का फायदा उठाकर देश की संपत्ति पर बोझ बनना चाहते हैं, उन्हें रोका जाएगा.”

उन्होंने कहा कि विदेश विभाग अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ऐसे संभावित प्रवासियों को अयोग्य ठहराएगा जो अमेरिका में “पब्लिक चार्ज” बन सकते है.

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अमेरिका ने सोमालिया, रूस और ईरान सहित 75 देशों के लिए वीजा प्रोसेसिंग फ्रीज कर दी है.”

हालांकि, प्रभावित देशों की पूरी सूची अभी आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की गई है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह फैसला अफ्रीका, एशिया, मध्य पूर्व, कैरेबियन, यूरोप और लैटिन अमेरिका के कई देशों पर लागू होगा, जिनमें सोमालिया, रूस, ईरान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नाइजीरिया, मिस्र, थाईलैंड और ब्राजील शामिल हैं.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस रोक से छूट बहुत सीमित मामलों में ही दी जाएगी और वह भी तभी, जब आवेदक “पब्लिक चार्ज” से जुड़ी सभी चिंताओं को दूर कर देगा.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!